October 2026 Movie Releases: अक्टूबर का महीना फिल्म प्रेमियों के लिए काफी खास रहने वाला है. त्योहारों के बीच कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में दस्तक देंगी. कुल मिलकरा देखा जाए तो अक्टूबर को महीना सस्पेंस और कॉमेडी से भरा रहने वाला है. ऐसे में आज हम आपको बताने वालें हैं कि पूरे अक्टूबर में कौन-कौन सी फिल्में रिलीज होने वाली हैं. अगर आप भी इस महीने थिएटर में फिल्म देखने का प्लान बना रहे हैं, तो ये पूरी लिस्ट आपके काम की है.
1. दृश्यम: द कन्क्लूजन – 2 अक्टूबर
अजय देवगन एक बार फिर विजय सलगांवकर के किरदार में नजर आएंगे. ‘दृश्यम: द कन्क्लूजन' को सीरीज की तीसरी और अंतिम कड़ी बताया जा रहा है. फिल्म में तब्बू, श्रिया सरन, इशिता दत्ता के साथ जयदीप अहलावत और प्रकाश राज भी अहम भूमिकाओं में हैं. फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है.
2. प्रेम कीटाणु – 2 अक्टूबर
वीर पहाड़िया की यह फिल्म कॉलेज लाइफ, दोस्ती, प्यार और परिवार के दबाव के बीच फंसे युवाओं की कहानी दिखाती है. फिल्म में आफिया सैयद और अपारशक्ति खुराना भी नजर आएंगे. इसे रोमांटिक कॉमेडी-ड्रामा बताया जा रहा है.
3. उड़ता तीर – 9 अक्टूबर
आयुष्मान खुराना और सारा अली खान की ‘उड़ता तीर' कॉमेडी से भरपूर फिल्म है. कहानी एक ऐसे पाकिस्तानी जासूस की है, जो भारत में आने के बाद एक हादसे में अपनी याददाश्त खो देता है और खुद को भारतीय समझने लगता है. इसके बाद कहानी में कई मजेदार मोड़ आते हैं.
4. प्रहार: द अनटोल्ड स्टोरी ऑफ उज्ज्वल निकम – 16 अक्टूबर
राजकुमार राव की यह फिल्म वकील उज्ज्वल निकम की जिंदगी पर आधारित है. फिल्म में 26/11 मुंबई आतंकी हमले के मुकदमे से जुड़े उनके पेशेवर सफर को दिखाया जाएगा. वामीका गब्बी, जयदीप अहलावत और सिकंदर खेर भी फिल्म का हिस्सा हैं.
5. नई नवेली – 16 अक्टूबर
यामी गौतम की ‘नई नवेली' दशहरे के मौके पर रिलीज होगी. फिल्म में यामी एक ऐसी बहू का किरदार निभा रही हैं, जो परिवार के सामने बेहद परफेक्ट नजर आती है. लेकिन धीरे-धीरे उसके रहस्यमय रूप को लेकर सवाल उठने लगते हैं. फिल्म का ट्रेलर भी कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ा रहा है.
6. अक्टूबर की साउथ की बड़ी रिलीज
अक्टूबर में इन फिल्मों के अलावा दक्षिण भारतीय फिल्मों और अन्य बड़े प्रोजेक्ट्स की भी रिलीज है. ‘जेलर 2' 15 अक्टूबर को आने वाली है, जबकि ‘रानाबाली' भी 16 अक्टूबर को रिलीज के लिए निर्धारित है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं