निर्देशक नितेश तिवारी की फिल्म ‘रामायण' का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन चुका है. इसकी चर्चा में दूरदर्शन की 'रामायण' के निर्माता-निर्देशक स्वर्गीय रामानंद सागर के पोते शिव सागर भी शामिल हो गए हैं. उन्होंने रणबीर कपूर और साई पल्लवी की फिल्म का ट्रेलर देखकर प्रतिक्रिया दी और कहा कि फिल्म के विजुअल्स और कुछ कलाकारों की कास्टिंग की सराहना की, लेकिन रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में दर्शकों द्वारा स्वीकार किए जाने को लेकर अपनी आशंका भी जताई.
कैसी सीता हैं साई पल्लवी
शिव सागर स्वर्गीय प्रेम सागर के बेटे और रामानंद सागर के पोते हैं. उन्होंने कई मीडिया प्लेटफॉर्म्स से बातचीत में कहा कि उन्हें ट्रेलर काफी पसंद आया. उन्होंने बताया कि पहले रिलीज हुए प्रोमोशनल क्लिप्स में ग्राफिक्स फिल्म के बड़े बजट के अनुरूप नहीं लग रहे थे, लेकिन ट्रेलर देखने के बाद उनकी राय बदल गई. उन्होंने कहा, 'ट्रेलर और एन्सेम्बल कास्ट को देखने के बाद मैं प्रभावित हुआ. यश रावण के रूप में शानदार लग रहे हैं. साई पल्लवी भी सीता के किरदार पर फिट बैठती हैं, खासकर उनके बोलने और अभिव्यक्ति के अंदाज में. कुल मिलाकर फिल्म बहुत भव्य लग रही है.'
रणबीर कपूर को राम बनाने पर जताई चिंता
हालांकि, कास्टिंग को लेकर उनकी एक प्रमुख चिंता रणबीर कपूर को भगवान राम के रूप में स्वीकार किए जाने को लेकर है. शिव सागर ने कहा कि वे उस विचारधारा से आते हैं जो पौराणिक किरदारों के लिए फ्रेश फेस चुनने पर जोर देती है, ताकि दर्शक बिना पूर्वधारणा के किरदार को अपना सकें. उन्होंने कहा, 'मैं सिर्फ यही उम्मीद करता हूं कि रणबीर कपूर को राम के रूप में स्वीकार किया जाए और मैं उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. ‘एनिमल' के बाद लोगों के मन में उनके बारे में एक निश्चित इमेज बन गई होगी. साथ ही, एन्सेम्बल कास्ट और भव्य विजुअल एक्सपीरियंस के साथ फिल्म दर्शकों को पसंद भी आ सकती है.'
Ramanand Sagar's Grandson on Nitesh Tiwari's #Ramayana Trailer.
— Mr SP (@Lonely_prabh) August 3, 2026
"I really liked the casting of the YASH as Ravana and I really liked Sai Pallavi for sita ji"
"But I didn't really care for much of the other casting, I really don't know that Ranbir Kapoor will be accepted as lord… pic.twitter.com/vVc2emn4pw
नितेश तिवारी निर्देशित इस दो-भाग वाली फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, कन्नड़ सुपरस्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान, रवि दुबे लक्ष्मण और राकुल प्रीत सिंह शूर्पणखा की भूमिका में हैं. अरुण गोविल, जो रामानंद सागर के ‘रामायण' में स्वयं राम का किरदार निभा चुके हैं, इस फिल्म में दशरथ का रोल कर रहे हैं. शिव सागर ने इसे पुरानी विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने का अच्छा और स्मार्ट तरीका बताया.
ट्रेलर जुलाई 2026 के अंत में ब्रह्म मुहूर्त में रिलीज हुआ था और इसमें अयोध्या तथा लंका के भव्य दृश्य, रावण का उदय, राम-सीता विवाह, वनवास और युद्ध की झलकियां शामिल हैं. फिल्म की रिलीज दिवाली 2026 के आसपास होने की संभावना है. रामानंद सागर का 1987 का टीवी सीरियल आज भी भारतीय घरों में रामकथा का मानक माना जाता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं