विज्ञापन
This Article is From Oct 26, 2018

बीजेपी-जेडीयू में सीटों के बंटवारे के बीच तेजस्‍वी यादव से मिले उपेंद्र कुशवाहा

शुक्रवार के दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात अरवल के सर्किट हाउस में हुई.

बीजेपी-जेडीयू में सीटों के बंटवारे के बीच तेजस्‍वी यादव से मिले उपेंद्र कुशवाहा
तेजस्‍वी यादव से मिलते उपेंद्र कुशवाहा
अरवल: आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर सीट शेयरिंग का मामला अब तूल पकड़ने जा रहा है. दिल्ली में बीजेपी के घटक दलों के बीच सीटों का बंटवारा होते ही घटक दलों में भी खलबली मच गई है. शुक्रवार के दिन नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष केंद्रीय राज्यमंत्री उपेंद्र कुशवाहा की मुलाकात अरवल के सर्किट हाउस में हुई. सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों के बीच गुफ्तगू भी हुई. उधर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि 'उपेंद्र कुशवाहा को पहले भी अपनी पार्टी में न्योता दे चुके हैं.'
 
दोनों ही नेताओं ने तकरीबन 15 मिनट तक अरवल सर्किट हाउस में राजनीतिक मुद्दे पर चर्चा भी की. इस मामले पर जब रालोसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा से पूछा गया वो सीटों के बंटवारे के मुद्दे से साफ इनकार कर गए. उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि 'हम एनडीए के साथ थे और एनडीए के साथ ही रहेंगे.'
 
लेकिन तेजस्‍वी यादव के साथ बंद कमरे में बातचीत राजनीतिक गलियारे में अलग ही तस्‍वीर पेश कर रही है. दोनों ही नेता बातचीत के बाद फौरन ही अरवल से चलते बने.

तेजस्वी यादव ने संविधान बचाओ यात्रा के दूसरे चरण में करपी में जनसभा को भी संबोधित किया, साथ ही दिवंगत पूर्व मंत्री मुंद्रिका सिंह यादव की प्रतिमा का अनावरण भी किया.

उधर दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था. अरवल सर्किट हाउस में राजद और राष्ट्रीय लोक समता पार्टी के कार्यकर्ता दोनों के बीच हुई मुलाकात को अलग ही रूप दे रहे हैं.

उधर चिराग पासवान के भी तेजस्‍वी यादव से फोन पर बात करने की खबर आई थी. हालांकि बाद में इसकी पुष्टि नहीं हो सकी.
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com