विज्ञापन
This Article is From Jan 21, 2018

बिहार के सारण में अपराधियों ने लूटने के बाद दो भाईयों को चलती ट्रेन से फेंका, एक की मौत

दोनों पंजाब के लुधियाना में एक निजी कारखाना में काम करते थे और वे अपने घर मधेपुरा जा रहे थे. उन्होंने बताया कि अपराधियों ने दोनों भाईयों को उक्त ट्रेन से फेंकने के पूर्व उनके पास मौजूद तीस हजार रुपये सहित उनके दो बैग भी लूट लिए.

बिहार के सारण में अपराधियों ने लूटने के बाद दो भाईयों को चलती ट्रेन से फेंका, एक की मौत
प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर
छपरा: बिहार के सारण जिले के मांझी थाना क्षेत्र में बीती रात अपराधियों ने आपस में चचेरे दो भाईयों को लूटने के बाद उन्हें चलती अमृतसर-डिब्रूगढ़ एक्सप्रेस ट्रेन से नीचे फेंक दिया. इसमें एक की मौत हो गयी और एक का इलाज जारी है. छपरा रेलवे स्टेशन स्थित राजकीय रेल थाना अध्यक्ष सुमन कुमार ने रविवार को बताया कि मृतक की पहचान मधेपुरा जिले के बड़ाकुड़वा गांव निवासी सत्येंद्र यादव के 22 वर्षीय पुत्र संजीव कुमार के रूप में की गयी है, जबकि गंभीर रूप से घायल अमित कुमार पुत्र राम बहादुर यादव हैं. उन्होंने बताया कि अमित को इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

सुमन ने बताया कि दोनों पंजाब के लुधियाना में एक निजी कारखाना में काम करते थे और वे अपने घर मधेपुरा जा रहे थे. उन्होंने बताया कि अपराधियों ने दोनों भाईयों को उक्त ट्रेन से फेंकने के पूर्व उनके पास मौजूद तीस हजार रुपये सहित उनके दो बैग भी लूट लिए. सुमन ने बताया कि लूटपाट के बाद अपराधियों ने दोनों का हाथ बांधने के बाद उन्हें ट्रेन से छपरा-बलिया रेल खण्ड पर मझनपुरा गांव के समीप करीब एक किलोमीटर की दूरी पर अलग स्थानों पर फेंका था.

उन्होंने बताया कि शौच के लिए गए एक व्यक्ति के उन्हें पटरी किनारे पड़ा देखकर शोर मचाया जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया. सुमन ने बताया शव का पोस्टमार्टम करा लिया गया और मृतक के परिजन को सूचित कर दिया गया है.

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com