विज्ञापन

जब लालू जी नहीं झुके तो उनका बेटा भी नहीं झुकेगा...बीजेपी पर हमला बोलते हुुए तेजस्वी यादव

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में शिरकत की, जहां उन्होंने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा.

जब लालू जी नहीं झुके तो उनका बेटा भी नहीं झुकेगा...बीजेपी पर हमला बोलते हुुए तेजस्वी यादव
आरजेडी नेता तेजस्वी यादव
  • तेजस्वी यादव ने बिहार में पार्टी कार्यकर्ताओं को संगठन मजबूत करने और राजनीतिक हालात समझने की जरूरत बताई
  • उन्होंने बीजेपी और आरएसएस पर लोकतंत्र खत्म कर तानाशाही थोपने का आरोप लगाया है
  • तेजस्वी यादव ने लालू प्रसाद यादव के संघर्ष और पार्टी की कभी बीजेपी से समझौता न करने की बात कही
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।

राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने बिहार में आयोजित एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं को संबोधित करते हुए संगठन को मजबूत करने, आपसी एकता बनाए रखने और मौजूदा राजनीतिक हालात को समझने की जरूरत पर जोर दिया. तेजस्वी यादव ने कहा कि कार्यक्रम स्थल छोटा पड़ गया, जबकि बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे. उन्होंने माना कि आयोजन किसी और बड़े स्थान पर होना चाहिए था, क्योंकि सभी लोग एक मकसद के साथ यहां जुटे थे.

लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही थोपने की कोशिश

तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने संगठन को और मजबूत करने की जिम्मेदारी दी है, लेकिन इसके साथ‑साथ देश में जो कुछ हो रहा है, उसे समझना भी जरूरी है. उन्होंने आरोप लगाया कि BJP और RSS लोकतांत्रिक संविधान की जगह RSS आधारित संविधान चाहती हैं और लोकतंत्र को खत्म कर तानाशाही थोपने की कोशिश कर रही हैं. उन्होंने कहा कि मौजूदा दौर संघर्ष का दौर है.

ये भी पढ़ें : बिहार में राजनीतिक दलों के समर्थन में फेसबुक-इंस्टाग्राम पर करेंगे पोस्ट तो सरकारी कर्मचारियों पर होगा एक्शन

भाईचारा खत्म करने की हो रही कोशिश

पश्चिम बंगाल का जिक्र करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि वहां से जुड़ा एक ऑडियो वायरल हो रहा है, जिसमें नेता हुमायूं पर आरोप है कि उन्होंने BJP से एक हजार करोड़ रुपये लेकर समाज में आपसी लड़ाई कराकर पार्टी को फायदा पहुंचाने की कोशिश की. तेजस्वी यादव ने कहा कि इस तरह के वायरल ऑडियो को जरूर देखना चाहिए और भाजपा‑RSS के डिजाइन को पहचानने की जरूरत है. उन्होंने आरोप लगाया कि ये ताकतें भाईचारा और अमन‑चैन को खत्म करना चाहती हैं और दंगा‑फसाद कराने का काम करती रही हैं.

जब लालू जी नहीं झुके तो बेटा भी नहीं झुकेगा

तेजस्वी यादव ने अपने पिता लालू प्रसाद यादव का जिक्र करते हुए कहा कि लालू जी ने एक समय आडवाणी की रथ यात्रा को रोकने का काम किया था. उन्होंने कहा कि आज भी पूरे परिवार पर मुकदमे किए जा रहे हैं और साजिश के तहत बदलाव को रोकने की कोशिश हो रही है. तेजस्वी यादव ने दो टूक कहा कि लालू जी आज तक नहीं झुके हैं, न झुके हैं और न झुकेंगे, और जब लालू जी नहीं झुके तो उनका बेटा भी झुकने वाला नहीं है.

आरजेडी ने कभी बीजेपी से समझौता नहीं किया

चनावी राजनीति पर बोलते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि भले ही तंत्र‑मंत्र और बेईमानी के जरिए इस चुनाव में लोगों ने सीटें लाने की कोशिश की हो, लेकिन राष्ट्रीय जनता दल विचारधारा की पार्टी है. उन्होंने कहा कि कोई एक व्यक्ति यह बता दे कि RJD ने कभी BJP से समझौता किया हो. तेजस्वी यादव ने कहा कि पार्टी आज भी अपने विचारों पर कायम है और संसद में केंद्र सरकार के ऐसे बिलों का विरोध किया गया है, जिन्हें देश को तबाह करने के लिए लाया गया.

ये भी पढ़ें : पटना में क्या होगा नीतीश कुमार का नया पता? सीएम पद से इस्तीफा देने से पहले आईं बंगले की तस्वीरें

तेजस्वी यादव ने कहा कि RJD ने कभी समझौता नहीं किया और हमेशा संघर्ष किया है. उन्होंने अल्पसंख्यक समाज का जिक्र करते हुए कहा कि इस समाज ने हर बार उन्हें आशीर्वाद दिया, बढ़‑चढ़कर वोट दिया और ताकत देने का काम किया। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें किसी से कोई शिकवा या शिकायत नहीं है.

आरजेडी की राजनीतिक स्थिति पर कही ये बात

पार्टी की राजनीतिक स्थिति पर बात करते हुए तेजस्वी यादव ने कहा कि पहले जब उनकी सरकार थी तो 40 विधायक हुआ करते थे और 2020 तक यह संख्या 20 रह गई. उन्होंने स्वीकार किया कि जब आपस में बंटवारा होने लगा तो संख्या घटती चली गई, लेकिन आने वाले समय में इस कमी को पूरा किया जाएगा.

तेजस्वी यादव ने परिसीमन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पहले मुसलमानों के लिए 30 सीटें होती थीं, जिसे घटाकर 20 कर दिया गया. उन्होंने कहा कि अब हालात यह हैं कि उन्हीं 20 सीटों पर मुसलमान, मुसलमान को हराने के लिए चुनाव लड़ रहा है. उन्होंने इससे बचने की जरूरत बताई. तेजस्वी यादव ने चेतावनी दी कि ये लोग देश का संविधान बदलना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि अगर संविधान में बदलाव हुआ तो इसका असर पिछड़े समाज, दलित समाज और हर वर्ग पर पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि तानाशाही सोच वाले लोग इन समाजों को देखना नहीं चाहते.

मिलकर पार्टी मजबूत करेंगे

तेजस्वी यादव ने कहा कि मंच पर बैठे सभी नेताओं की जिम्मेदारी है कि पार्टी और ज़मीन दोनों को मजबूत किया जाए, ताकि आने वाले चुनावों के लिए संगठन पूरी तरह तैयार हो. उन्होंने कहा कि समय की मांग संघर्ष की है. कार्यक्रम के अंत में तेजस्वी यादव ने कहा कि उनसे कुछ गलतियां हुई होंगी, लेकिन अब सभी लोग मिल‑जुलकर उन कमियों को सुधारेंगे और पार्टी को फिर से मजबूत बनाएंगे. उन्होंने सफल कार्यक्रम के लिए आयोजकों का धन्यवाद किया 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com