विज्ञापन
This Article is From Aug 24, 2017

बिहार: मुख्यमंत्री नीतीश ने बाढ़ग्रस्त अररिया, किशनगंज व कटिहार का जायजा लिया

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले का दौरा किया तथा वहां बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यो का जायजा लिया.

बिहार: मुख्यमंत्री  नीतीश ने बाढ़ग्रस्त अररिया, किशनगंज व कटिहार का जायजा लिया
नीतीश कुमार पिछले दो दिनों से बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं (फाइल फोटो)
पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज और कटिहार जिले का दौरा किया तथा वहां बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्यो का जायजा लिया. इस दौरान उन्होंने खाद्य सामग्रियों की गुणवत्ता की खुद जांच की तथा अधिकारियों को कई आवश्यक निर्देश दिए. मुख्यमंत्री पूर्णिया से अररिया पहुंचे तथा वहां अररिया कलेज पहुंचकर पार्टी के स्थानीय नेताओं से बाढ़ की स्थिति की जानकारी ली. इसके बाद वे मार्केटिंग यार्ड के उस गोदाम में भी पहुंचे जहां पीड़ितों के लिए राहत सामग्री की पैकिंग की जा रही थी. इस दौरान नीतीश ने पूरे कार्यो का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए. नीतीश ने यहां कई सामानों की गुणवत्ता की भी जांच की. 

मुख्यमंत्री यहां से रानीगंज के एक स्कूल में चलाए जा रहे राहत कार्यो को भी देखने पहुंचे. यहां उन्होंने कुछ पीड़ितों को अपने हाथों से राहत सामग्री भी दी. इसके बाद मुख्यमंत्री कटिहार और किशनगंज के लिए निकल गए. नीतीश मंगलवार से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं. बाढ़ में सबसे ज्यादा 80 लोगों की मौत अररिया जिले में ही हुई है. 

मुख्यमंत्री इसके बाद किशनगंज पहुंचे. मुख्यमंत्री किशनगंज प्रखंड के चकला पंचायत स्थित मिलिया इंजीनियरिंग कलेज परिसर में बाढ़ प्रभावित परिवारों के बीच सामग्री वितरण का निरीक्षण किया. मुख्यमंत्री ने निरीक्षण के दौरान सभी संबंधित पदाधिकारियों को बाढ़ प्रभावित परिवारों को हर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया. 

नीतीश कुमार ने बाढ़ के दौरान कोचाधामन प्रखंड के चार एवं किशनगंज सदर प्रखंड के दो मृत व्यक्तियों के आश्रितों को अनुदान के रूप में चार-चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया. इसके बाद मुख्यमंत्री कटिहार जिले के लिए निकल गए. कटिहार पहुंचने के बाद नीतीश कदवा स्थित दुखी राम मध्य विद्यालय में चलाए जा रहे सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया तथा वहां उपस्थित लोगों से बातचीत की. 

इस मौके पर नीतीश ने कहा कि यह आफत बड़ी है और राहत कार्य जोरशोर से चलना चाहिए. उन्होंने कहा कि बाढ़ से बचाव के लिए छोटी नदियों को जोड़ने पर बल देते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा को रोका नहीं जा सकता है, लेकिन उससे होने वाली क्षति को कम किया जा सकता है. उन्होंने अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए. किशनगंज में अब तक बाढ़ से 23 लोगों की, जबकि कटिहार में 35 लोगों की मौत हो चुकी है. 


(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com