नालंदा जिले में सड़क पर एक बड़ा हादसा देखने को मिला. जब सड़क पर एक स्कॉर्पियो कार में आग लग गई. वहीं कुछ ही देर में पूरी कार धूं-धूं कर जलने लगी. बताया जा रहा है कि स्कॉर्पियो कार बारातियों से भरी हुई थी. वहीं आग लगने से सभी बाराती अंदर फंस गए. कार का गेट लॉक होने की वजह से सभी बाराती अंदर फंस गए, फिर सभी लोगों को शीशा तोड़कर गाड़ी से कूदना पड़ा. इस घटना के दौरान इलाके में हड़कंप मच गया था.
नालंदा जिले के बिहारशरीफ नगर थाना क्षेत्र अंतर्गत झींगनगर मोहल्ला में सोमवार (20 अप्रैल) की रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बारातियों से भरी एक स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते वाहन धूं-धूं कर जलने लगा.
गाड़ी में सवार से सात बाराती
जानकारी के अनुसार, पहाड़पुर निवासी चंदन कुमार की बारात झींगनगर जा रही थी. इसी दौरान रास्ते में चलती स्कॉर्पियो में अचानक आग लग गई. आग लगने के समय वाहन में करीब सात बाराती सवार थे. सबसे चिंताजनक स्थिति तब उत्पन्न हुई, जब गाड़ी का गेट लॉक हो गया और बाराती अंदर ही फंस गए. जान बचाने के लिए सभी ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन का शीशा तोड़ा और कूदकर बाहर निकले. इस दौरान सभी बाल-बाल बच गए.
पूरी गाड़ी जलकर हो गई खाक
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी स्कॉर्पियो जलकर खाक हो गई. घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया.
प्राथमिक अनुमान के मुताबिक, हैंड ब्रेक लगे रहने के बावजूद वाहन चलाने के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है. अग्निशमन पदाधिकारी कृष्ण मुरारी प्रसाद ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है और जांच के बाद ही आग लगने के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा.
घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा, लेकिन समय रहते सभी बारातियों के सुरक्षित बाहर निकल जाने से बड़ा हादसा टल गया.
यह भी पढ़ेंः Bihar: अंतरजातीय लव-मैरिज बना जानलेवा, पत्थर से कूच कर युवक की हत्या
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं