विज्ञापन
This Article is From Aug 14, 2017

जेडीयू के बागियों पर गिरी गाज, पूर्व मंत्री रमई राम सहित 21 नेता निलंबित

पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने इन नेताओं को तत्काल प्रभाव से दल की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है.

जेडीयू के बागियों पर गिरी गाज, पूर्व मंत्री रमई राम सहित 21 नेता निलंबित
नीतीश कुमार और शरद यादव की फाइल तस्वीर
  • पिछले दिनों शरद यादव को राज्यसभा में जेडीयू के नेता पद से हटा दिया गया था
  • राज्यसभा सांसद अली अनवर भी संसदीय दल से निलंबित किए जा चुके हैं
  • 21 नेता पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निलंबित
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना: बिहार में सत्ताधारी जेडीयू ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में पूर्व मंत्री रमई राम, सीतामढ़ी से पूर्व सांसद अर्जुन राय, वैशाली से पूर्व विधायक राजकिशोर सिन्हा, पूर्व विधान परिषद सदस्य विजय वर्मा सहित 21 नेताओं को तत्काल प्रभाव से दल की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है. जेडीयू के प्रदेश महासचिव अनिल कुमार ने सोमवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के आरोप में जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने इन नेताओं को तत्काल प्रभाव से दल की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है.

यह भी पढ़ें : शरद यादव ने कहा, नीतीश कुमार को देना चाहूंगा 'धन्यवाद'

उन्होंने बताया कि पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्त रहने के आरोप में जेडीयू के जिन अन्य नेताओं के खिलाफ कार्रवाई की गई है उनमें पार्टी जिलाध्यक्ष सहरसा, धनिकलाल मुखिया, पूर्व पार्टी जिलाध्यक्ष एवं राज्य परिषद सदस्य मधेपुरा, सियाराम यादव, जेडीयू श्रमिक प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विन्देश्वरी सिंह, राज्य परिषद सदस्य मुजफ्फरपुर, इसराईल मंसूरी, तकनीकी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष मिथलेश कुशवाहा समेत अन्य नेता शामिल हैं.

उल्लेखनीय है कि जेडीयू ने बिहार में बीजेपी के साथ हाथ मिलाने का विरोध कर रहे अपनी पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सदस्य शरद यादव को 12 अगस्त को उच्च सदन में पार्टी के नेता पद से हटा दिया था. 11 अगस्त को जेडीयू ने बीजेपी के साथ गठबंधन करने की आलोचना करने वाले अपनी पार्टी के राज्यसभा सदस्य अली अनवर को कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी द्वारा बुलाई गई विपक्षी दलों की बैठक में शामिल होने पर संसदीय दल से निलंबित कर दिया था.

VIDEO : राज्यसभा में जेडीयू के नेता पद से शरद यादव की छुट्टी
गौरतलब है कि होटल के बदले भूखंड मामले में तेजस्वी प्रसाद यादव के 'जनता की अदालत' में सफाई नहीं देने पर महागठबंधन से नाता तोड़कर मुख्यमंत्री और जेडीयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने 27 जुलाई को बीजेपी के साथ मिलकर नई सरकार बना ली थी. शरद यादव और अली अनवर ने नीतीश के इस फैसले पर विरोध जताया था और इसे 2015 में महागठबंधन (जेडीयू-आरजेडी-कांग्रेस) को मिले जनादेश और जनता के विश्वास पर आघात बताया था.

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com