बिहार के पूर्व उप-मुख्यमंत्री और नेता विपक्ष तेजस्वी यादव ने JDU पर पलटवार किया है. यादव ने कहा है कि भैंस वाला, दूध वाला प्लेन में चढ़ चाय कैसे पी रहा? यह एक और इल्जाम हम पर आ रहा है. कुछ लोगों को परेशान देख हम परेशान हो जाते हैं. अफसोस! फिर भी उन लोगों के मुर्शिद उनसे खुश नहीं हो पाते हैं. हम सड़क पर अमरूद, भुट्टा, भूंजा और चाट भी खाते हैं और प्लेस में कबाब भी. लेकिन पेट दर्द किसी और को होता है. अब ये जन्मजात दर्द कौन ठीक करे?. बता दें कि तेजस्वी यादव की केक काटते हुए फोटो वायरल होने के बाद JDU नेता ने उनपर हमला बोला था. उन्होंने कहा था कि तेजस्वी यादव जी आपके राजनीतिक जीवन पर यह सबसे बड़ा राजनीतिक धब्बा है. पिताजी जेल में बंद हैं और आप चार्टर प्लेन में बैठ कर बेशर्मी से जन्मदिन मना रहे हैं शर्म आनी चाहिए आपको.
तेजस्वी यादव और जेडीयू के बीच इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले बिहार में बाढ़ और भारी बारिश के बाद हुए जल जमाव को लेकर सियासत जारी है. सरकार की सहयोगी दल BJP के कुछ नेता भी इसे लेकर नीतीश कुमार पर हमलावर हैं. उधर, इसी कड़ी में आज प्रमुख विपक्षी दल राजद (RJD) ने NDA गठबंधन वाले नीतीश कुमार (Nitish Kumar) की सरकार पर हमला बोला है. तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर कहा था कि NDA ने बिहार को सर्कस बना दिया है. बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav) ने बीजेपी (BJP) और जेडीयू (JDU) नेताओं के बीच मचे घमासान को लेकर ट्वीट किया, 'NDA ने बिहार को सर्कस बना दिया है. विफलता छुपाने के लिए ये लोग कुत्ते-बिल्ली की तरह झगड़ रहे है. क्या सृजन घोटाले और बालिकागृह बलात्कार कांड का डर है जो इतनी लानत-मलानत होने के बावजूद भी नीतीश जी नैतिकता और अंतरात्मा नहीं जगा उल्टा कुर्सी के लालच में विचार बेच मनुहार में लगे हैं.''
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'दशहरा' कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी एवं BJP के अन्य नेताओं के शामिल नहीं होने पर तंज कसते हुए तेजस्वी ने ट्विटर पेज पर लिखा कि एनडीए के कप्तान अकेले असहाय फिल्ड में खड़े हैं. उनके सहयोगी उनसे दूर भाग रहे हैं और अपराधी की तरह छुप रहे हैं. उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार पर तंज कसते हुए पूछा है कि आपके लिए मुख्यमंत्री का दशहरा कार्यक्रम का बहिष्कार करना आसान नहीं था, क्या ऐसा नहीं है? तेजस्वी यादव ने यह बात बिहार के उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के 11 सितंबर को किए गए एक पुराने ट्वीट के जवाब में लिखा है, जिसमें कहा गया था कि नीतीश कुमार बिहार एनडीए के कप्तान हैं और वही 2020 में होने वाले चुनाव में कप्तान रहेंगे. अगर कप्तान चौका या छक्का मारते हैं और विरोधी को एक इनिंग से पराजित करते हैं तो उसे बदलने का सवाल ही कहां उठता है?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं