विज्ञापन

बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से फिर राहत, अश्लील डांस और हथियार लहराने के मामले में गिरफ्तारी पर रोक

25 मई को व‍िधायक अनंत सिंह ने अग्रिम जमानत के लिए याचिका दायर की थी. बाहुबली विधायक की गिरफ्तारी पर रोक लगाने की अपील को कोर्ट ने मंजूर कर लिया था. आज एक बार फिर उन्हें मामले में राहत मिल गई है.

बाहुबली विधायक अनंत सिंह को कोर्ट से फिर राहत, अश्लील डांस और हथियार लहराने के मामले में गिरफ्तारी पर रोक
वायरल वीडियो के सामने आने के बाद मीरगंज थाना में केस दर्ज हुआ था.

बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा विधायक अनंत सिंह को कोर्ट ने राहत दी है. गोपालगंज में अश्लील डांस और हथियारों के प्रदर्शन मामले में उनकी गिरफ्तारी नहीं होगी. साथ ही सिंगर गुंजन सिंह की गिरफ्तारी पर रोक लगा दी है. अनंत सिंह से जुड़े मामले की जांच अब क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (CID) को सौंप दी गई है. 2 मई को गोपालगंज जिले के सेमराव गांव में हथियार लहराने और अश्लील गानों के प्रदर्शन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था. वीडियो सामने आने के बाद मीरगंज थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी.

हथियार लहराते हुए नजर आए थे समर्थक 

2 मई से जुड़ा जदयू के बाहुबली विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो वायरल होने के बाद मामला सामने आया था. बताया जा रहा है कि वीडियो मीरगंज के सेमराव में गुड्डू राय के यहां उपनयन संस्कार का कार्यक्रम था. अनंत सिंह डांसरों के साथ गाने पर थिरकते हुए नजर आ रहे थे. इसी वीडियो में आधा दर्जन से ज्यादा लोग अपने हाथों में हथियार लिए हुए थे. उनके समर्थक हथियार लहराते हुए डांस कर रहे थे. 

5 जून को अगली सुनवाई 

गोपालगंज एसपी विनय तिवारी के निर्देश पर साइबर थाना के एसआई नवीन कुमार ने मीरगंज थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई. कार्यक्रम के आयोजक गुड्डू राय उर्फ अमरेश राय, मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह, भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह समेत 9 लोग नामजद है. कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी FIR दर्ज है. मामले में अगली सुनवाई 5 जून को निर्धारित की गई है. तब तक गिरफ्तारी पर रोक बरकरार रहेगी.   

यह भी पढ़ेंः गाजियाबाद में कुर्बानी दिखाने के नाम पर कत्ल, सुनिए चश्मदीद की जुबानी मर्डर की कहानी, VIDEO | 3 गिरफ्तार

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com