Bihar News: बिहार के मुंगेर जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. पूरवसराय थाना क्षेत्र के शाहजुवेर रोड इलाके में पारिवारिक विवाद के चलते एक पत्नी ने अपने पति मो. फैसल खान के प्राइवेट पार्ट पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया. हमले के बाद आरोपी पत्नी इशरत हसन उर्फ सानिया घर में रखे कीमती जेवरात और अपनी चार महीने की मासूम बच्ची को लेकर फरार हो गई.
अवैध संबंधों के शक से शुरू हुआ विवाद
पीड़ित मो. फैसल के अनुसार उनका निकाह 13 अप्रैल 2025 को भागलपुर की रहने वाली सानिया से हुआ था. शुरुआती कुछ महीने तो सब ठीक रहा लेकिन बाद में पत्नी के किसी अन्य युवक से अवैध संबंध होने के शक ने रिश्ते में कड़वाहट घोल दी. फैसल का आरोप है कि उसकी पत्नी अक्सर किसी गैर मर्द से फोन पर बात करती थी और इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़े होते थे. सानिया लगातार फैसल से अलग रहने का दबाव बना रही थी.
सोते समय किया हमला और टांके लगे
घटना के दिन जब फैसल काम से लौटकर घर आया तो पति-पत्नी के बीच फिर से तीखी बहस हुई. फैसल सोने चला गया लेकिन इसी दौरान सानिया ने मौके का फायदा उठाकर उस पर धारदार हथियार से वार कर दिया. लहूलुहान अवस्था में उसे सदर अस्पताल ले जाया गया जहां उसके गुप्तांग में चार टांके लगाए गए हैं. फिलहाल डॉक्टरों का कहना है कि वह खतरे से बाहर है.
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले पर पूरवसराय थानाध्यक्ष सौरव कुमार ने बताया कि पति-पत्नी के बीच काफी समय से मनमुटाव चल रहा था. पुलिस के अनुसार पति भी अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था. फिलहाल मो. फैसल की मां द्वारा थाना में बांड भरने के बाद मामले को शांत कराया गया है. हालांकि पीड़ित फैसल ने पुलिस से अपनी बेटी को वापस दिलाने और पत्नी पर सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.
यह भी पढ़ें- बिहार: कुत्ते को बचाने के चक्कर में पलट गया गैस सिलेंडर से भरा ट्रक, टला बड़ा हादसा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं