- बिहार के रोहतास जिले के अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की फोटो लगी हुई थी
- रितेश कुमार ने वर्ष दो हजार बाईस में सिविल कोर्ट के चपरासी पद के लिए आवेदन किया था
- अभ्यर्थी ने संबंधित बोर्ड और विभाग को इस त्रुटि की शिकायत की है और समय रहते सुधार की मांग की है
बिहार के रोहतास जिले से एक बेहद अजीबोगरीब और चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक अभ्यर्थी के एडमिट कार्ड में उसकी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगा दी गई. मामला सामने आने के बाद कैंडिडेट भी हैरान-परेशान है.चौंकाने वाली बात यह है कि परीक्षा देने वाले लड़के के एडमिट कार्ड में सारी जानकारियां सही हैं पर उसकी तस्वीर के साथ छेड़छाड़ की गई और कुत्ते की फोटो लगा दी गई.
पूरा मामला रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के धवा गांव निवासी अभ्यर्थी रितेश कुमार से जुड़ा हुआ है. रितेश कुमार ने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट में चपरासी (प्यून) पद के लिए आवेदन किया था. लंबे इंतजार के बाद वर्ष 2026 में इस भर्ती परीक्षा के लिए एडमिट कार्ड जारी किया गया,लेकिन जब रितेश कुमार ने अपना एडमिट कार्ड डाउनलोड किया तो उसमें एक अजीबोगरीब गलती सामने आई.
फोटो की जगह कुत्ते की तस्वीर
रितेश कुमार ने जब अपना एडमिट कार्ड देखा तो वह दंग रह गए. एडमिट कार्ड में उनके नाम और अन्य सभी विवरण सही थे, लेकिन फोटो के स्थान पर उनकी तस्वीर के बजाय कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी.यह देखकर रितेश कुमार काफी हैरान हो गए.उन्होंने तुरंत एडमिट कार्ड को दोबारा जांचा, लेकिन उसमें वही तस्वीर दिखाई दे रही थी. इस घटना के बाद अभ्यर्थी असमंजस और चिंता की स्थिति में आ गया.

अभ्यर्थी ने बोर्ड में की शिकायत
इस संबंध में जब रितेश कुमार से बातचीत की गई तो उन्होंने बताया कि उन्होंने वर्ष 2022 में सिविल कोर्ट के चपरासी पद के लिए आवेदन किया था. रितेश कुमार ने बताया कि “चार साल बाद जब एडमिट कार्ड जारी हुआ तो मैंने उसे डाउनलोड किया, लेकिन जब देखा तो मेरी तस्वीर की जगह कुत्ते की तस्वीर लगी हुई थी. यह देखकर मैं पूरी तरह हैरान रह गया.” उन्होंने आगे बताया कि इस संबंध में उन्होंने संबंधित बोर्ड और विभाग को शिकायत भेज दी है तथा इस गलती को जल्द से जल्द सुधारने की मांग की है, ताकि उन्हें परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
15 मार्च को होने वाली है परीक्षा
जानकारी के अनुसार सिविल कोर्ट के चपरासी पद की लिखित परीक्षा आगामी 15 मार्च को आयोजित होने वाली है.रितेश कुमार का परीक्षा केंद्र सहरसा जिले में निर्धारित किया गया है। ऐसे में एडमिट कार्ड में हुई इस गंभीर त्रुटि के कारण अभ्यर्थी काफी चिंतित नजर आ रहे हैं. अभ्यर्थी का कहना है कि यदि समय रहते इस त्रुटि को ठीक नहीं किया गया तो उन्हें परीक्षा केंद्र पर परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
हालांकि बिहार में इस तरह की घटनाएं पहली बार सामने नहीं आई हैं. इससे पहले भी कई बार सरकारी दस्तावेजों में इस प्रकार की अजीबोगरीब गलतियां देखने को मिल चुकी हैं.कई मामलों में जाति प्रमाण पत्र, आय प्रमाण पत्र और निवास प्रमाण पत्र जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों में अभ्यर्थियों की तस्वीर की जगह जानवरों या अन्य गलत तस्वीरें लगने की घटनाएं सामने आई हैं.ऐसे मामलों के सामने आने के बाद सरकारी तंत्र और ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया की कार्यप्रणाली पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं