राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के वरिष्ठ नेता जगदानंद सिंह ने बाढ़ और जलजमाव से जूझते बिहार को लेकर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से कई सवाल किए हैं. 'पटना और बिहार में आई बाढ़ की त्रासदी का सच' शीर्षकयुक्त एक बयान में कहा, 'नीतीश जी, पटना में जलजमाव या जलभराव पर पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवालों पर आपको आश्चर्यजनक जवाब देते सुना था, लेकिन इंतज़ार करना बेहतर समझा, ताकि आप कष्ट में पड़ी आबादी को समस्या से निजात दिलवा सकें... पटना के लोग अब भी कष्ट में हैं, हालांकि पानी अधिकांश इलाकों से निकाला जा चुका है या निकासी के अंतिम चरण में है... सो, मैं आपसे या आपके माध्यम से निम्न बातें जानना चाहता हूं, जिनके जवाब यदि आप दे सकें, तो लोगों को सच्चाई मालूम होगी...'
1. क्या यह बाढ़ का पानी था या वर्षा का पानी था...?
2. वर्ष 1975 में पटना में गंगा, पुनपुन और सोन नदी के पानी से बाढ़ आई थी, या कह सकते हैं कि मुख्यतः सोन नदी के पानी से बाढ़ आई थी, जिसमें पटना डूब गया था. क्या यह सच नहीं है कि तत्कालीन सरकार ने केवल एक वर्ष के भीतर गंगा, पुनपुन एवं सोन नदी की बाढ़ से पटना को बचाने के लिए सुरक्षा तटबंध बनाकर सुरक्षा प्रदान कर दी थी, और इसके बाद पटना का बाढ़मुक्त होना पिछले 40-42 वर्ष से साबित है...?
3. इसका एक अन्य प्रभाव यह भी पड़ा कि सुरक्षाबांधों की वजह से पटना को कटोरेनुमा भौगोलिक स्वरूप मिल गया है, सो, कटोरे के रूप में परिवर्तित पटना को बचाने का एकमात्र उपाय है कि जब गंगा एवं सोन नदी में पानी का स्तर ऊंचा हो, तो Flood Sluice बंद कर दिए जाएं तथा पम्पिंग स्टेशनों के माध्यम से पटना के भीतर से वर्षा के पानी को पम्प कर गंगा नदी में डाल दिया जाए. इस वर्ष पटना में आई बाढ़ के समय अधिकांश पम्पिंग स्टेशन खराब थे, और चालू पम्प सेट भी विलम्ब से चलाए गए, और उन्हें भी पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा था, क्योंकि नालों की सफाई नहीं हुई थी, जबकि आपका तंत्र, यानी नगर विकास मंत्री और पटना के महापौर भी कबूल कर रहे हैं कि सफाई के नाम पर करोड़ों रुपये का अपव्यय हुआ.
4. क्या इस वर्ष का वर्षापात पूर्व के वर्षों में हुई वर्षा के अधिकतम रिकॉर्ड से अधिक था...?
5. यदि नहीं, तो जलभराव एवं जलजमाव राजधानी के नागरिकों के लिए कष्टकारी क्यों बन गया...?
6. जलनिकासी के लिए बने नालों में लगाए गए सभी पम्पिंग स्टेशनों की समेकित क्षमता से क्या इस वर्ष का वर्षापात अधिक था...?
जलजमाव मामले पर आलोचनाओं का सामना कर रहे CM नीतीश कुमार को लेकर क्या बिहार BJP बंट गई?
VIDEO : रावण दहन कार्यक्रम में नहीं पहुंचे बीजेपी नेता
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं