Bihar News: बिहार के गोपालगंज जिले में सिधवलिया प्रखंड की सीओ प्रीतिलता का एक ऑडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. इस ऑडियो में वह कथित तौर पर कुख्यात अपराधी और भूमाफिया रंजन यादव से बातचीत करती सुनाई दे रही हैं. मामला सामने आते ही प्रशासन में हलचल बढ़ गई है.
सरकारी जमीन को लेकर बातचीत का आरोप
वायरल ऑडियो करीब डेढ़ मिनट का बताया जा रहा है. इसमें सीओ प्रीतिलता पहले रंजन यादव को अभिवादन करती हैं और फिर सरकारी जमीन से जुड़े मामलों पर चर्चा करती हैं. बातचीत में जमीन को लीज पर देने और उससे जुड़े घपले की बात भी सामने आ रही है.
एडीएम को “मैनेज” करने की चर्चा
ऑडियो में एडीएम की रिपोर्ट और उनके निर्देशों का भी जिक्र है. आरोप है कि बातचीत के दौरान एडीएम को “मैनेज” करने जैसी बातें भी कही गई हैं. यह पहलू मामले को और गंभीर बना रहा है.
जानकारी के अनुसार रंजन यादव पुलिस की नजर में फरार है और उस पर इनाम भी घोषित है. विनय तिवारी के मुताबिक वह पश्चिम बंगाल में हुए एक हत्या मामले में भी आरोपी है और उसकी तलाश जारी है. ऐसे में एक सरकारी अधिकारी का उससे संपर्क में होना गंभीर सवाल खड़े करता है.
डीएम ने दिए सख्त कार्रवाई के आदेश
मामले की जानकारी मिलते ही पवन कुमार सिन्हा ने तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए. उन्होंने सिधवलिया थाने में 24 घंटे के भीतर एफआईआर दर्ज करने का आदेश दिया है. साथ ही सीओ प्रीतिलता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है.
विभागीय कार्रवाई भी शुरू
डीएम ने कहा कि एक सरकारी अधिकारी का इस तरह किसी अपराधी से बातचीत करना पूरी तरह अनुचित है. उन्होंने विभागीय जांच की भी अनुशंसा की है. फिलहाल प्रीतिलता हड़ताल पर बताई जा रही हैं और उनके स्थान पर प्रभारी सीओ प्रियव्रत कुमार को जिम्मेदारी सौंपी गई है. कार्रवाई के बाद से ही आरोपी सीओ प्रीतिलता फरार बताई जा रही हैं. प्रशासन पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है.
यह भी पढ़ें- रणथंभौर से निकल हाईवे पर पहुंची बाघिन नूरी, आबादी के करीब पहुंचने से वन विभाग अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं