Bihar News: बिहार के अरवल टाउन थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि जनकपुर धाम इलाके में एक घर से अवैध हथियार और नशे का कारोबार चल रहा है. इसके बाद पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम बनाई और रौशन कुमार के घर पर छापेमारी की. इस छापेमारी के दौरान पुलिस ने कुल 7 लोगों को गिरफ्तार किया. इनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया.
फायर ब्रिगेड का सिपाही भी गिरोह में शामिल
गिरफ्तार आरोपियों में दाउदनगर अग्निशमन विभाग का 2023 बैच का एक सिपाही भी शामिल है. उसका नाम सोनू कुमार बताया जा रहा है. सरकारी नौकरी में रहते हुए अपराध में शामिल होना बेहद गंभीर मामला माना जा रहा है.
हथियार, स्मैक और नकदी बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक पिस्टल, तीन मैगजीन, 45 जिंदा कारतूस, 22 ग्राम स्मैक, एक डिजिटल तराजू, 31,120 रुपये नकद और 6 मोबाइल फोन बरामद किए हैं. इससे साफ है कि गिरोह संगठित तरीके से काम कर रहा था.
सोशल मीडिया से चल रहा था पूरा नेटवर्क
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया के जरिए ग्राहकों से संपर्क करते थे. वहीं से डील तय होती थी और आसानी से नशा व हथियार उपलब्ध कराए जाते थे.
पुलिस फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है. साथ ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश की जा रही है. हथियारों की सप्लाई चेन को भी खंगाला जा रहा है और सभी को जल्द न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी है.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं