पटना के गर्दनीबाग धरना स्थल पर TRE-4 शिक्षक भर्ती परीक्षा और अन्य लंबित परीक्षाओं की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन के बीच छात्र नेता दिलीप की तबीयत अचानक बिगड़ गई. प्रदर्शन के दौरान उन्हें चक्कर आने लगे और उनका ब्लड प्रेशर कम हो गया. इसके बाद मौके पर मौजूद छात्रों में हड़कंप मच गया.
छात्रों ने तुरंत उन्हें गर्दनीबाग सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार उपचार के बाद उनकी हालत फिलहाल स्थिर है और लगातार निगरानी रखी जा रही है.
18 अगस्त से जारी है आंदोलन
TRE-4 शिक्षक अभ्यर्थी 18 अगस्त 2026 से गर्दनीबाग में अनिश्चितकालीन आंदोलन और आमरण अनशन चला रहे हैं. अभ्यर्थियों का कहना है कि राज्य में बड़ी संख्या में शिक्षक पद खाली हैं, इसलिए जल्द से जल्द चौथे चरण की भर्ती प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए. इसके अलावा विभिन्न लंबित प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों को भी वे उठा रहे हैं.
नोटिफिकेशन के बाद भी जारी है प्रदर्शन
अभ्यर्थियों के लगातार दबाव और आंदोलन के बीच बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने 32,388 पदों पर शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. हालांकि इसके बावजूद प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि उनकी सभी मांगों का समाधान अभी नहीं हुआ है. इसी कारण धरना और विरोध प्रदर्शन जारी है.
सरकार और आयोग पर बढ़ा दबाव
छात्र नेताओं का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को लेकर स्पष्ट समयसीमा और पुरानी परीक्षाओं पर ठोस निर्णय की जरूरत है. आंदोलन के दौरान एक छात्र नेता की तबीयत खराब होने के बाद अब इस मुद्दे ने और गंभीर रूप ले लिया है. अभ्यर्थियों का कहना है कि जब तक उनकी प्रमुख मांगों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
यह भी पढ़ें- सीवान फायरिंग के बाद बिहार पुलिस के नियमों में बड़ा बदलाव , प्रदर्शन में AK-47 के इस्तेमाल पर सख्ती
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं