बिहार में निकली बड़ी शिक्षक भर्ती में रिकॉर्डतोड़ आवेदन हुए हैं. इस बार करीब 10 लाख उम्मीदवारों ने इस भर्ती के लिए अपना रजिस्ट्रेशन करवाया है. ये संख्या अब तक की शिक्षक भर्ती से सबसे ज्यादा है. TRE-4 के तहत कुल 33,320 पदों पर भर्ती निकाली गई है, जिसके लिए अब 9 लाख 90 हजार उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. यानी टीचर की नौकरी मिलना बिल्कुल भी आसान नहीं होगा, एक सीट के लिए करीब 30 उम्मीदवार मैदान में होंगे.
लंबे समय से भर्ती का इंतजार
BPSC की शिक्षक भर्ती का इंतजार पिछले कई महीनों से हो रहा था, इसके लिए बिहार में प्रदर्शन भी हुए और आखिरकार नोटिफिकेशन जारी हुआ. अब भर्ती में रिकॉर्ड आवेदन ये बताते हैं कि इस सरकारी नौकरी के लिए युवाओं में कितना क्रेज है. अब इन युवाओं के सामने चुनौती होगी कि कैसे वो लाखों उम्मीदवारों से मुकाबला कर 33,320 पदों पर अपनी जगह पक्की करते हैं.
इससे पहले कब हुए थे इतने आवेदन?
बिहार में इससे पहले भी शिक्षक भर्ती निकाली गई थी, लेकिन पिछली बार काफी कम उम्मीदवारों ने अपना आवेदन किया था. TRE-3 में करीब 4.50 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, वहीं इससे पहले हुए TRE-2 में उम्मीदवारों की संख्या 6 लाख थी. जबकि TRE-1 में 8 लाख उम्मीदवारों ने आवेदन किया था. यानी पहली भर्ती के बाद अब टीआरई-4 में रिकॉर्ड आवेदन हुए हैं.
आवेदन की तारीख बढ़ने का असर
बिहार में शिक्षक भर्ती के लिए आवेदन की आखिरी तारीख को बढ़ाया गया था. पहले ये 26 अक्टूबर 2026 तक थी, लेकिन बाद में इसे 3 नवंबर 2026 तक कर दिया गया. आवेदन की तारीख बढ़ाए जाने के बाद भी हजारों उम्मीदवारों ने रजिस्ट्रेशन किया. यही वजह है कि अब ये आंकड़ा करीब 10 लाख तक पहुंच चुका है. फिलहाल परीक्षा की तारीख का ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन माना जा रहा है कि ये परीक्षा दिसंबर के आखिरी हफ्ते या फिर जनवरी की शुरुआत में हो सकती है.
यह भी पढ़ें | TRE-4 में सवाल छोड़ने पर भी कटेंगे नंबर, जानें पांचवें विकल्प पर टिक करना क्यों जरूरी
यह भी पढ़ें | यूपी असिस्टेंट टीचर भर्ती का फॉर्म हो जाएगा रिजेक्ट, फॉर्म करेक्शन की ये है आखिरी तारीख
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं