विज्ञापन

घुसपैठियों के साथ या खिलाफ?: असम के सोनितपुर में अमित शाह का गौरव गोगोई से सीधा सवाल

अमित शाह ने कहा कि अभी देश भर में SIR हो रहा है. राहुल गांधी एंड कंपनी SIR का विरोध कर रहे हैं. गौरव गोगोई से पूछिएगा कि क्यों विरोध कर रहे हैं? मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना चाहिए या नहीं? गौरव गोगोई उन्हें बचाना चाहते हैं और असम की जनता का वोट मांग रहे हैं.

घुसपैठियों के साथ या खिलाफ?: असम के सोनितपुर में अमित शाह का गौरव गोगोई से सीधा सवाल
  • केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने असम के सोनितपुर में कांग्रेस पर अवैध घुसपैठियों को लेकर जमकर हमला बोला.
  • शाह ने कहा कि भाजपा ने 10 वर्षों में असम को आतंकवाद मुक्त बनाने की दिशा में बड़ा काम किया है.
  • उन्होंने कांग्रेस पर देश की सुरक्षा को प्राथमिकता न देने और आतंकवाद के मामलों में लापरवाही का आरोप लगाया.

असम विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है. असम के असम के सोनितपुर जिले के ढेकियाजुली में चुनावी रैली में केंद्रीय गृह मंत्री कांग्रेस पर जमकर बरसे. इस दौरान उन्‍होंने कहा कि कांग्रेस एसआईआर का विरोध करती है. जब गौरव गोगोई सोनितपुर आएंगे तो उनसे पूछा जाना चाहिए कि मतदाता सूचियों में अवैध घुसपैठियों का नाम पता लगाने में क्या गलत है? साथ ही उन्‍होंने कहा कि हमने अवैध घुसपैठियों से लाखों की अतिक्रमित भूमि वापस ली है. साथ ही आरोप लगाया कि कांग्रेस ने कभी भी देश की सुरक्षा को अपना मुद्दा नहीं माना.

शाह ने कहा कि अभी देश भर में SIR हो रहा है. राहुल गांधी एंड कंपनी SIR का विरोध कर रहे हैं. गौरव गोगोई से पूछिएगा कि क्यों विरोध कर रहे हैं? मतदाता सूची से घुसपैठियों को निकालना चाहिए या नहीं? गौरव गोगोई उन्हें बचाना चाहते हैं और असम की जनता का वोट मांग रहे हैं. साथ ही कहा कि गौरव गोगोई को जनता के सामने यह स्‍पष्‍ट करना चाहिए कि आप घुसपैठियों के साथ हैं या खिलाफ हैं.

ये भी पढ़ें: 90 से ज्यादा सीटों के साथ असम में फिर बीजेपी सरकार, अमित शाह ने गुवाहाटी रोड शो में जताया भरोसा

नेहरू पर भी शाह ने साधा निशाना

उन्‍होंने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू पर भी निशाना साधा. शाह ने कहा कि 1962 में चीन के घुसपैठ करने पर नेहरू ने असम को बाय-बाय कह दिया था. साथ ही कहा कि अब कोई भी माई का लाल असम में घुसपैठ नहीं कर सकता है.

केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर देश को शर्मिंदा करने का आरोप लगाया और कहा कि एआई समिट के दौरान कांग्रेस ने कपड़े उतारकर विरोध प्रदर्शन किया.

ये भी पढ़ें: 'मुकदमा खत्म, फैसला आने वाला है', बंगाल पर अमित शाह की चार्जशीट पर TMC का पलटवार
 

कांग्रेस ने देश की सुरक्षा को अपना मुद्दा नहीं माना: शाह

केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी देश की सुरक्षा को अपना मुद्दा नहीं माना. आए दिन पाकिस्तान के आतंकवादी यहां घुसते थे, बम धमाका करते थे और धड़ल्ले से चले जाते थे. उन्‍होंने कहा कि हमारी सरकार आने के बाद पाकिस्तानी आतंकवादियों ने उरी, पुलवामा और पहलगाम में हमला किया, लेकिन वो ये भूल गए यहां अब कांग्रेस की नहीं मोदी जी की सरकार है. उन्‍होंने कहा कि उरी में हमला किया गया तो सर्जिकल स्ट्राइक की गई, पुलवामा हमले के बाद एयर स्ट्राइक की गई और पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के जरिए आतंकवादियों को सफाया करने का काम किया.

BJP ने 10 साल में असम को आतंकवाद मुक्‍त बनाया: शाह

साथ ही उन्‍होंने कहा कि एक ओर भाजपा है, जिसने 10 साल में असम को आतंकवाद मुक्त बना दिया. दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी है जिसके शासन में यहां गोलीबारी और बम धमाके होते थे, सैकड़ों युवा मौत के घाट उतार दिए जाते थे. उन्‍होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्‍व में भाजपा ने 10 हजार युवाओं को हथियार छुड़वाए और असम में शांति की स्थापना करने का काम किया है.

वोट सिर्फ विधायक, मंत्री, सीएम बनाने के लिए नहीं करें...

उन्‍होंने आम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि आपको वोट सिर्फ विधायक, मंत्री और मुख्यमंत्री बनाने के लिए नहीं करना है. उन्‍होंने कहा कि आपको वोट करना है- घुसपैठिया मुक्त असम बनाने के लिए, आपको वोट करना है- शांत और विकसित असम बनाने के लिए और आपको वोट करना है- बड़ी बड़ी इंटस्ट्री से लैस असम के युवाओं को असम में ही रोजगार मिल पाए, इसके लिए वोट करना है.

उन्‍होंने कहा कि तरुण गोगोई के शासनकाल में असम को 1.28 लाख करोड़ रुपये दिए गए थे. वहीं पीएम मोदी ने इस क्षेत्र के विकास के लिए 9 लाख करोड़ रुपये से अधिक दिए हैं.

असम का चेहरा बदल रही है भाजपा: शाह

अमित शाह ने सवाल किया कि कांग्रेस ने कोई विकास कार्य किया है? उन्‍होंने कहा कि भाजपा असम का चेहरा बदल रही है. हर गरीब को गैस सिलेंडर, पीने का पानी और पांच किलो चावल मुफ्त मिल रहा है, मोदी सरकार जनता को ये सब दे रही है. सिर्फ भाजपा ही असम का सर्वांगीण विकास कर सकती है. उन्‍होंने विकसित असम के लिए भाजपा को वोट देने की अपील की. साथ ही कहा कि हम घुसपैठियों से मुक्त असम और बाढ़ मुक्त असम का वादा करते हैं.

बता दें कि असम में एक चरण में 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे. वहीं 4 मई को वोटों की गिनती होगी.
 

लेखक के बारे में
img
रतनदीप चौधरी
News Input
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Assam Assembly Elections, Amit Shah Rally, Sonitpur Dhekiajuli, Assamassemblyelection2026
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com