Trending News Today In Hindi: अक्सर लोग पुरानी और वीरान जगहों के रहस्य को जानने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल देते हैं. ऐसा ही एक हैरान करने वाला मामला ब्रिटेन (Surrey) से सामने आया है, जहां कुछ कम उम्र के यूट्यूबर्स सुरक्षा घेरे को तोड़कर एक मशहूर टीवी स्टार की करीब 60 करोड़ रुपये की आलीशान हवेली में घुस गए. सालों से खाली पड़ी यह हवेली अब किसी 'भूतिया' खंडहर जैसी दिखने लगी है. इन लड़कों ने न सिर्फ इस पूरी हवेली को घूमा, बल्कि चोरी-छिपे उस बेडरूम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, जहां उस दिग्गज स्टार ने अपनी आखिरी सांस ली थी.
दिन के उजाले में लांघा गेट, छत पर चढ़कर बनाया वीडियो
यह पूरी घुसपैठ JJH Explorers नाम के एक यूट्यूब चैनल चलाने वाले लड़कों ने की है. ये लड़के सरे स्थित इस आलीशान वेंटवर्थ एस्टेट (Wentworth Estate) के पास पहुंचे और दिन के उजाले में ही भारी-भरकम मुख्य गेट को फांदकर अंदर दाखिल हो गए. इसके बाद वे सुरक्षा अलार्म से बचते हुए सीधे इस आलीशान बंगले की छत पर चढ़ गए. छत से नीचे देखते ही एक लड़के के मुंह से निकला, 'नो वे! नीचे का स्विमिंग पूल अभी भी पानी से भरा हुआ है.'

एक्टर में घर में घुसकर हर जगह की वीडियो रिकॉर्डिंग करते हुए यूट्यूबर्स की तस्वीर.
Photo Credit: YouTube@JJH EXPLORERS
जब खुला मौत वाला वो 'रहस्यमयी' बेडरूम
हवेली की दीवारों और खिड़कियों के सहारे आगे बढ़ते हुए लड़कों ने एक बड़ी सी कांच की स्लाइडिंग विंडो को पीछे धकेला और अंदर घुस गए. यह एक बहुत बड़ा कमरा था, जिसमें पीले रंग की दीवारें और पुराने जमाने के क्लासिकल पर्दे लटके हुए थे. तभी वीडियो में बैकग्राउंड से एक लड़के की आवाज आती है, 'यह वही असली कमरा है, जहां ब्रूस फोर्सिथ (Bruce Forsyth) की मौत हुई थी. यह सोचना ही अपने आप में कितना अजीब और डरावना है.' इसके बाद लड़के हवेली के उस मुख्य हॉल में जाते हैं जहां सीढ़ियों के ठीक ऊपर एक बेहद कीमती झूमर लटका हुआ दिखाई देता है.
फर्श के बीच उगी झाड़ियां, बाथरूम की हालत बेकार
आगे बढ़ते हुए यूट्यूबर्स ने हवेली के बड़े-बड़े आलीशान लाउंज, मॉडर्न किचन और गार्डन की तरफ खुलने वाले एक वुड-पैनल बार एरिया को भी कैमरे में कैद किया. हालांकि, देखरेख न होने की वजह से आलीशान आंगन के फर्श को चीरकर जंगली घास और झाड़ियां बाहर निकल आई थीं. जब लड़के वहां के मुख्य बाथरूम में घुसे, तो उसकी सड़न और बदबू देखकर उन्होंने उसे बेहद गंदा और डरावना बताया. तभी अचानक हवेली के अंदर लगा एक सिक्योरिटी सेंसर ट्रिगर हो गया, जिससे लड़के डर गए. पकड़े जाने के डर से वे तुरंत उसी गेट से वापस बाहर कूद गए जिससे वे अंदर आए थे.
कौन थे सर ब्रूस फोर्सिथ और अब क्यों खाली है घर?
सर ब्रूस फोर्सिथ ब्रिटेन के टेलीविजन इतिहास के सबसे बड़े और दिग्गज एंटरटेनर्स में से एक थे. उन्होंने 'द जेनरेशन गेम' और 'स्ट्रिक्टली कम डांसिंग' जैसे सुपरहिट शोज को होस्ट किया था. साल 2017 में 89 वर्ष की उम्र में इसी हवेली में उनका निधन हो गया था. उनके जाने के बाद, साल 2020 में उनकी पत्नी ने इस प्रॉपर्टी को करीब 60 करोड़ रुपये में बेच दिया था. तब से यह जगह खाली पड़ी है और अब धीरे-धीरे खंडहर में बदल रही है.
बगल में हैं मशहूर फुटबॉलर के आलीशान बंगले
दिलचस्प बात यह है कि इस आलीशान इलाके में एल्टन जॉन और फुटबॉलर हैरी केन जैसे बड़े स्टार्स के भी बंगले मौजूद हैं. यूट्यूब पर अपलोड होने के बाद से इस वीडियो को अब तक लाखों लोग देख चुके हैं और करोड़ों की हवेली की यह हालत देख हर कोई हैरान है.
ये भी पढ़ें:- यहां भूलकर भी सड़क पर खड़ी स्कूल बस के बगल से मत निकालना गाड़ी, घर आ जाएगा 21 हजार का चालान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं