विज्ञापन

CBI इंस्पेक्टर बन गया संन्यासी, बोला- 'नर्मदा किनारे गुफाओं में मिला जीवन का असली सच'

लाखों की नौकरी, सरकारी पावर और सुख-सुविधाएं छोड़कर जब सीबीआई के पूर्व इंस्पेक्टर नर्मदा किनारे गुफा में रहने पहुंचे. उन्होंने बताया कि आखिर क्यों सिस्टम की इस घुटन भरी जिंदगी से संन्यास का रास्ता कहीं बेहतर है.

CBI इंस्पेक्टर बन गया संन्यासी, बोला- 'नर्मदा किनारे गुफाओं में मिला जीवन का असली सच'
संत ने नर्मदा तट पर सरकारी सिस्टम का कड़वा सच.
YT@नर्मदा दर्शन

VIRAL VIDEO: अच्छी पढ़ाई, बड़ा पद और हाथ में सरकारी पावर. आम तौर पर किसी भी इंसान के लिए सफल जिंदगी की यही परिभाषा होती है. लेकिन क्या हो जब सीबीआई का एक इंस्पेक्टर यह सब छोड़कर जंगल की गुफाओं में रहने चला जाए. नर्मदा नदी के तट पर एक ऐसे ही संत हैं, जिन्होंने समाज के बनाए इस नकली रुतबे को ठोकर मारकर संन्यास की राह चुन ली. इन संत की पारिवारिक पृष्ठभूमि बेहद मजबूत रही है. माता-पिता दोनों बड़े सरकारी अफसर थे और घर में सुख-सुविधाओं की कोई कमी नहीं थी. उन्होंने खुद भी बीएससी ऑनर्स किया और फिर होम्योपैथी में एमडी (MD) की डिग्री हासिल की. पढ़ाई के बाद सीबीआई में इंस्पेक्टर की नौकरी मिल गई.

सीबीआई इंस्पेक्टर की जिंदगी का सच

शुरुआत में जब सीबीआई की नौकरी मिली, तो उन्हें लगा जैसे उन्होंने कोई बहुत बड़ी जंग जीत ली हो. लेकिन कुछ ही समय में सिस्टम की हकीकत सामने आ गई. उन्हें अहसास हुआ कि वह अपनी जिंदगी का मालिक बनने आए थे, लेकिन इस व्यवस्था ने उन्हें महज एक 'नौकर' बना दिया है. सिस्टम के भीतर उन्हें हर पल घुटन महसूस होने लगी थी. कानून लागू करने के नाम पर लोगों के साथ रूखा और कठोर व्यवहार करना पड़ता था, जो उनके स्वभाव के बिल्कुल खिलाफ था. विभाग में सीनियर अफसरों को सिर्फ अपनी कुर्सी और नौकरी बचाते देखा, जहां इंसानियत के लिए कोई जगह नहीं थी. पद का प्रोटोकॉल ऐसा था कि वह अपनी मर्जी से जी भी नहीं सकते थे. किससे बात करनी है और किसके घर नहीं जाना है, सब कुछ तय था. अगर कोई गरीब चरवाहा प्यार से पास आकर बैठे, तो प्रोटोकॉल के चलते उससे दोस्ती भी नहीं कर सकते थे. 

महंगी रोटी की दौड़ में भीतर से खाली होती जिंदगी

धीरे-धीरे उन्हें समझ आया कि वह सिर्फ पेट भरने और रोटी कमाने की दौड़ में शामिल हैं. फर्क बस इतना था कि एक आम आदमी 200 रुपये का कपड़ा पहनता है और वह 500 रुपये मीटर वाला कपड़ा पहन रहे थे. पास में गाड़ी और मकान तो था, लेकिन भीतर से वह पूरी तरह खाली और अकेले हो चुके थे.

इसी खालीपन को भरने और खुद को तलाशने के लिए उन्होंने सीबीआई की नौकरी और घर-बार सब छोड़ दिया. कई राज्यों में भटकने के बाद जब वह मां नर्मदा के किनारे पहुंचे, तो उनके मन का सारा बोझ उतर गया. बचपन में पांच साल की उम्र में मिली गुरु दीक्षा के संस्कार यहां आकर फिर से जीवित हो उठे. 

गुफा का बसेरा और चूल्हे की टिक्कड़ का स्वाद

नर्मदा परिक्रमा के दौरान ओंकारेश्वर के पास उन्हें मां नर्मदा की कृपा का एक अद्भुत अनुभव हुआ. नुकीले पत्थरों पर नंगे पैर चलते हुए उनके पैर लहूलुहान हो गए थे. पास में न बिछाने के लिए टाट-पट्टी थी, न पैरों में चप्पल और न ही खाने को रोटी. उन्होंने एक बेसहारा बच्चे की तरह मन ही मन मां नर्मदा को याद किया. कुछ कदम आगे बढ़ते ही उन्हें चट्टान पर सूखती हुई एक टाट-पट्टी, एक जोड़ी चप्पल और टिफिन में रखा खाना मिल गया. उन्होंने इसे मां का आशीर्वाद माना और वहां से सिर्फ चप्पल पहनकर आगे बढ़ गए.

आगे चलकर एक पहाड़ी मंदिर में उन्हें एक महात्मा का सान्निध्य मिला, जहां वह साढ़े तीन साल तक रुके. वहां उन्होंने गांव के बच्चों को पढ़ाना शुरू किया और प्रकृति के साथ गहरा नाता जोड़ लिया. आज वह घने जंगल की गुफाओं में रहते हैं और चूल्हे पर खुद 'राम रोट' (टिक्कड़) बनाकर शुद्ध घी के साथ खाते हैं.

यह भी पढ़ें | गंगोत्री में संन्यासी बनकर भटक रहा कंप्यूटर इंजीनियर, बोला- जन्म और मृत्यु के बीच अंतर समझ आ गया

जब घर के लालच से पैदा होता है समाज का भ्रष्टाचार

समाज में फैले भ्रष्टाचार पर वह बड़ी सीधी बात कहते हैं. उनका मानना है कि भ्रष्टाचार की शुरुआत हमारे अपने घरों से होती है. जब माता-पिता अपने बच्चे की तुलना पड़ोसी की पांचवीं हवेली से करते हैं, तभी वे उसे गलत रास्ते पर धकेल देते हैं. ऐसे माहौल में पला बच्चा चाहे कलेक्टर बने, डॉक्टर बने या इंजीनियर, वह समाज को ही लूटता है. उनका कहना है कि माता-पिता बच्चों को आईएएस, आईपीएस या संत बनाने से पहले एक 'सच्चा इंसान' बनाएं. साधु बनना कपड़े बदलने का नाम नहीं है, बल्कि अपने काम में पूरी ईमानदारी से डूब जाना ही असली साधुता है.

यह भी पढ़ें | IIT दिल्ली का गोल्ड मेडलिस्ट इंजीनियर बन गया संन्यासी, बोला- इंसान भीतर से खोखला होता जा रहा है

यह भी पढ़ें | सूरत का करोड़पति जैन परिवार बेटियों संग बनेगा संन्यासी, कहा- उस हादसे ने जिंदगी बदल दी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Monk, Narmada Yatra, Narmada Parikrama Anubhav, Spritual Energy, Khabar Zara Hatke 
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com