VIRAL VIDEO: राजस्थान के एक गांव का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. इसमें में दिखाया गया है कि कैसे गांव की महिलाएं अपने टूटे हुए बाल बेचकर घर के लिए नए बर्तन खरीद रही हैं. इसे यूट्यूबर नीतू बिष्ट ने अपने यूट्यूब चैनल पर शेयर किया है. एक वीडियो ने इन दिनों वायरल हो रहा है. इसे अब तक 37 लाख से ज्यादा लोग देख चुके हैं. वीडियो में नीतू बिष्ट खुद हैरान रह गईं और उन्होंने इसे अनोखा 'बार्टर सिस्टम' यानी अदला-बदली का तरीका बताया.
कंघी के कचरे से घर में आए नए बर्तन
वीडियो में एक बुजुर्ग महिला कंघी से निकले टूटे बालों को इकट्ठा कर फेरीवाले को बेचती नजर आ रही हैं. फेरीवाले ने जब तराजू पर बालों को तोला, तो उसकी कीमत 60 रुपए बनी. इसके बदले महिला ने घर के लिए चमचमाता स्टील का बर्तन ले लिया. इसे देखकर नीतू बिष्ट मजाक में कहती हैं कि वह भी अपने बाल बेचकर सारे बर्तन खरीद लेंगी. हालांकि, फेरीवाले ने हंसते हुए बताया कि केवल महिलाओं के लंबे बालों की ही मांग होती है, क्योंकि इनसे आगे चलकर विग (नकली बाल) बनाई जाती है.
WATCH VIDEO
यह अनोखी प्रथा नहीं, बल्कि तगड़ा बिजनेस है
नीतू बिष्ट के इस वीडियो पर लोग जमकर कमेंट कर रहे हैं और अपनी आपबीती साझा कर रहे हैं. दीपिका जाट नाम की यूजर ने लिखा कि यह कोई अजीब रिवाज नहीं, बल्कि एक बड़ा बिजनेस है. उनके मुताबिक, राजस्थान में कई परिवार सालों से यह काम कर रहे हैं और इससे महीने में 6,000 से 7,000 रुपये तक कमा लेते हैं. वहीं, यूपी की अंजलि त्रिपाठी ने बताया कि यह कहानी सिर्फ राजस्थान की नहीं है. उत्तर प्रदेश के गांवों में भी यह बेहद आम है. उनकी मां ने खुद अपने और उनके टूटे बालों के बदले न जाने कितने नए बर्तन खरीदे हैं.
बालों के बदले बर्तन ही नहीं, जीरा भी मिलता है
बिजनेस का एक और दिलचस्प पहलू कनिया बोराना ने बताया. उन्होंने लिखा कि उनके यहां बालों के बदले बर्तनों के बजाय खाने-पीने का सामान, जैसे जीरा मिलता है. अरबाज नाम के यूजर ने दावा किया कि उनके गांव में एक किलो अच्छे बालों की कीमत 10,000 रुपए तक मिल जाती है. प्रिया शर्मा और गीता सिंह जैसी कई महिलाओं ने कमेंट कर साफ किया कि टूटे बालों के बदले गृहस्थी का सामान जुटाने का यह घरेलू नुस्खा किसी एक राज्य का नहीं, बल्कि पूरे भारत के गांवों और कस्बों की एक बेहद पुरानी और आम तस्वीर है. जिसे आज के दौर में शहर के लोग भले ही भूल गए हों, लेकिन यह आज भी उतनी ही सच है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं