VIRAL VIDEO: बात 1975 की इमरजेंसी की है. राजनीति के इतिहास में इस दौर की कई कहानियां दर्ज हैं, लेकिन कुछ किस्से ऐसे भी हैं जो वक्त की धूल में कहीं खो गए. ऐसा ही एक हैरान करने वाला किस्सा पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी ने सुनाया है, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. यह कहानी है इमरजेंसी के दौरान दिल्ली में खौफ का दूसरा नाम बनीं 'रुखसाना सुल्ताना' और संजय गांधी की.
कौन थीं रुखसाना सुल्ताना?
आज की पीढ़ी शायद इस नाम से वाकिफ न हो, लेकिन रुखसाना सुल्ताना का बॉलीवुड से बहुत गहरा नाता है. वे मशहूर अभिनेत्री अमृता सिंह की मां और सारा अली खान की सगी नानी थीं. बेहद रंगीले और रसूखदार घराने से ताल्लुक रखने वाली रुखसाना उस दौर में अपने भारी-भरकम चश्मों, महंगी साड़ियों और ऊंची हील्स के लिए जानी जाती थीं.
पुरानी दिल्ली की गलियां और 'रुखसाना आपा' का खौफ
शाहिद सिद्दीकी बताते हैं कि इमरजेंसी के दौरान संजय गांधी ने देश में आबादी कम करने के लिए नसबंदी का एक बड़ा अभियान शुरू किया था. इसी दौरान उनकी मुलाकात रुखसाना से हुई. रुखसाना ने संजय गांधी के सामने जिद पकड़ ली कि वे मुस्लिम बहुल इलाके जामा मस्जिद और तुर्कमान गेट जाकर लोगों को नसबंदी के लिए तैयार करेंगी. संजय गांधी ने भी उन्हें हरी झंडी दे दी.
रुखसाना जब पुरानी दिल्ली की तंग गलियों में अपनी हील्स खटखटाते हुए निकलती थीं, तो उनके पीछे आवारा लड़कों की एक फौज चलती थी. रुखसाना ने इन लड़कों को लालच दिया कि जो भी नसबंदी के केस लाएगा, उसे इनाम मिलेगा. फिर क्या था, पैसों के चक्कर में उन लड़कों ने जुल्म ढाना शुरू कर दिया. किसी बारात में सेबारातियों को उठा लिया जाता, तो कभी किसी गरीब रिक्शेवाले को पकड़कर जबरन उसकी नसबंदी करा दी जाती. संजय गांधी को लगता रहा कि रुखसाना बहुत शानदार काम कर रही हैं, लेकिन हकीकत में वे नसबंदी कार्यक्रम की जड़ें खोद रही थीं.
जब तुर्कमान गेट पर चले बुलडोजर
शाहिद सिद्दीकी ने उस खौफनाक मोड़ का भी जिक्र किया जिसके कारण तुर्कमान गेट उजाड़ दिया गया. दरअसल, इलाके के कुछ मनचलों ने शर्त लगाई कि जो रुखसाना को छेड़ेगा, उसे 100 रुपये का इनाम मिलेगा. लड़कों ने रुखसाना और संजय गांधी दोनों के काफिले के साथ बदतमीजी कर दी.
यह भी पढ़ें | ट्रेन में RAC सीट पर ब्रिटिश यूट्यूबर ने किया 75 घंटे सफर, बोला- फर्श पर बैठ फौजी ने मेरे लिए सीट छोड़ दी
इस बात से संजय गांधी आगबबूला हो गए. उन्होंने गुस्से में आदेश दे दिया कि तुर्कमान गेट से लेकर जामा मस्जिद तक का पूरा इलाका साफ कर दिया जाए. उस वक्त दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) के मुखिया जगमोहन थे. हुक्म मिलते ही तुर्कमान गेट पर सरकारी बुलडोजर गरजने लगे. देखते ही देखते पूरा इलाका मलबे के ढेर में तब्दील हो गया और यह घटना इमरजेंसी के सबसे बदनाम और काले अध्यायों में दर्ज हो गई.
आज की पीढ़ी भले ही सारा अली खान को उनके अभिनय के लिए जानती हो, लेकिन दिल्ली के इतिहास को करीब से देखने वाले आज भी उनकी नानी रुखसाना सुल्ताना के उस दौर को नहीं भूले हैं, जब उनकी एक जिद ने पूरी दिल्ली को हिलाकर रख दिया था.
यह भी पढ़ें | पूरी दुनिया को बादाम खिलाता है शख्स, घास काटने से शुरू हुआ बिजनेस, कहलातें हैं 'आलमंड किंग'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं