Mississippi Me Toop Ke Gole Mile: सोचिए क्या हो जब आप अपनी जमीन को बिजनेस के लिए तैयार कर रहे हों ताकि आमदनी डबल हो सके, लेकिन वहां कुछ ऐसा निकल आए जो आपकी सोच से परे हो तो हैरानी होना लाजिमी है. ऐसा ही कुछ हुआ मिसिसिपी के एक शख्स के साथ, जिसे अपनी कमर्शियल जमीन की सफाई के दौरान 160 साल पुराने गृहयुद्ध के 200 से ज्यादा तोप के गोले मिले. People की रिपोर्ट के मुताबिक, जब मेटल डिटेक्टर से छानबीन की गई तो जमीन के नीचे से 200 से ज्यादा गृहयुद्ध के दौर के तोप के गोले (cannonballs) और हथियार निकल आए, जिन्हें देखकर विशेषज्ञ भी हैरान रह गए.
जमीन से निकले 200 से ज्यादा तोप की गोले (Battle of Blackland history)
अमेरिका के मिसिसिपी (Mississippi) राज्य के बूनविले (Booneville) में रहने वाले हेरोल्ड नाइट इन दिनों चर्चा में है. इसके पीछे की वजह है उनकी जमीन. दरअसल, हेरोल्ड नाइट (Harold Knight) अपनी हाईवे 45 के पास मौजूद जमीन की सफाई करवा रहे थे. वो इस जगह पर बिजनेस डेवलपमेंट (development) का काम शुरू करने वाले थे, लेकिन काम के दौरान उन्हें मिट्टी में दबा हुआ एक पुराना तोप का गोला दिखाई दिया.
हेरोल्ड को लगा कि शायद इसके नीचे कुछ और भी हो सकता है, इसलिए उन्होंने मेटल डिटेक्टर (metal detectors) रखने वाले लोगों को बुलाकर जांच कराने का फैसला किया. जांच शुरू होते ही जमीन के नीचे से ऐसा खजाना निकला, जिसकी किसी ने उम्मीद भी नहीं की थी. वहां से 160 साल से भी ज्यादा पुराने 200 से अधिक तोप के गोले बरामद हुए. स्थानीय मीडिया आउटलेट WTVA को हेरोल्ड ने बताया कि, ये नजारा देखकर हर कोई हैरान रह गया था.
मिट्टी में दबा इतिहास (Civil War Artifacts Uncovered)
न्यूज आउटलेट से बात करते हुए बूनविले के रेल्स एंड ट्रेल्स म्यूजियम (Rails and Trails Museum) के जिम लैम्ब (Jim Lamb) ने बताया कि, 'जमीन से अलग अलग तरह के तोप के गोले मिले हैं. इनमें ग्रेपशॉट, कैनिस्टर शॉट और केस शॉट जैसे खतरनाक हथियार शामिल हैं. ये सभी गोला बारूद 1862 के अमेरिकी गृहयुद्ध के दौर के बताए जा रहे हैं. जिम लैम्ब का मानना है कि ये जगह दो बड़ी ऐतिहासिक लड़ाइयों के ठीक बीच में स्थित है. एक तरफ बैटल ऑफ ब्लैकलैंड (Battle of Blackland) थी और दूसरी तरफ बैटल ऑफ बूनविले (Battle of Booneville). इन दोनों युद्धों के दौरान भारी गोलाबारी हुई थी. शायद इसी वजह से तोपें सालों से इस जमीन के नीचे दबी रह गईं.
फिलहाल हेरोल्ड नाइट की जमीन से मिले इन तोप के गोलों को अब साफ करके सुरक्षित रखा जा रहा है. जल्द ही इन सभी 200 से ज्यादा तोप के गोलों को बूनविले के रेल्स एंड ट्रेल्स म्यूजियम में पब्लिक के देखने के लिए डिस्प्ले किया जाएगा.
ये भी पढ़ें:-पेट चीरे बिना करेगा ऑपरेशन और बिजली के तार भी जोड़ेगा, कैसा है यह किसी कीड़े जैसा दिखने वाला रोबोट
ये भी पढ़ें:-भारत का अनोखा घर...जिसके एक राज्य में है किचन और दूसरे राज्य में बेडरूम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं