सोचिए अगर बारिश होने पर आपको ऑफिस जाने की जरूरत ही न पड़े और घर बैठे ही सैलरी मिलती रहे! सुनने में यह सपना लगता है, लेकिन चीन की एक महिला के लिए यह हकीकत बन गया. हाल ही में एक अनोखी Rain Leave स्कीम ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है, जहां कर्मचारियों को बारिश के दिनों में घर पर रहने की छूट दी गई.
साउथ चाइना मॉर्निंग पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन की एक कंपनी ने अपने कर्मचारियों के लिए ऐसा अनोखा ऑफर निकाला कि वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. चीन के चांग्शा शहर की एक महिला को कंपनी की ओर से 7 दिन की पेड Rain Leave दी गई है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह महिला स्नैक कंपनी Mala Wangzi में काम करती है. इस स्कीम के तहत जब भी भारी बारिश होती है, वह घर से ही रह सकती है और उसे छुट्टी का पैसा भी मिलेगा.
क्यों शुरू हुई Rain Leave स्कीम?
चांग्शा शहर में अक्सर तेज बारिश होती है. यहां मार्च से जून तक लगातार बारिश का मौसम रहता है, जिससे कर्मचारियों को ऑफिस आने-जाने में काफी दिक्कत होती है. कंपनी के संस्थापक Zhang Yudong ने बताया कि कर्मचारियों की परेशानी को समझते हुए यह अनोखी पहल शुरू की गई. इस आइडिया को उनके बेटे ने पेश किया, जो कंपनी के ऑनलाइन मार्केटिंग हेड हैं और सोशल मीडिया पर Spicy Son के नाम से मशहूर हैं. उन्होंने एक वीडियो में कहा कि, जब शहर में 90 दिनों में 82 दिन बारिश होती है, तो कर्मचारियों को खुश रखने के लिए कुछ अलग करना जरूरी है.
सिर्फ छुट्टी ही नहीं, और भी इनाम
इस ‘रेन लीव लॉटरी' में सिर्फ छुट्टियां ही नहीं, बल्कि कई दिलचस्प इनाम भी दिए गए हैं. जैसे- फुली ऑटोमैटिक ड्रायर, रेन बूट्स और छाते, हेयर ड्रायर और डीह्यूमिडिफायर और यहां तक कि लेट-फॉर-वर्क पास भी.
सोशल मीडिया पर लोगों की प्रतिक्रिया
यह अनोखी स्कीम चीन के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई. एक यूजर ने लिखा, यह बॉस सच में अपने कर्मचारियों को समझता है. दूसरे ने कहा, यह तो हर कर्मचारी का सपना है, मुझे तो जलन हो रही है! वहीं, एक अन्य यूजर ने कहा, दक्षिण चीन की हर कंपनी को ऐसा करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: दिल्ली मेट्रो में ‘तेरी दीवानी' पर अचानक झूम उठा शख्स, फिर जो हुआ, यात्रियों के चेहरे देख सब समझ जाएंगे आप!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं