मादुरो की गिरफ्तारी के बाद अब वेनेजुएला के संसाधन अमेरिका मैनेज कर रहा है.
- अमेरिका ने जनवरी से सितंबर के बीच वेनेजुएला के लिए बारह अरब डॉलर से अधिक की राशि जमा की
- यह राशि वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों से संबंधित अधिकृत संस्थाओं से आई कच्चे तेल और पेट्रोलियम से जुड़ी थी
- मादुरो के हटने के बाद वेनेजुएला की अंतरिम सरकार का नेतृत्व डेल्सी रोड्रिगेज कर रही हैं व अमेरिकी सहयोग जारी है
अमेरिका ने वेनेजुएला को 12 अरब डॉलर से ज्यादा की राशि दी है. यह रकम भारतीय रुपयों में 11 खरब और 30 अरब रुपये से भी ज्यादा है. केपीएमजी की तैयार की गई और अमेरिकी विदेश विभाग द्वारा जारी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी से सितंबर के बीच, अमेरिका के नियंत्रण वाले फंड में जमा हुई ज्यादातर रकम वापस वेनेजुएला को दे दी गई है.
- 'द न्यूयॉर्क टाइम्स' में सबसे पहले छपी इस रिपोर्ट में बताया गया है कि जनवरी में एक नाटकीय छापेमारी के दौरान मादुरो को पकड़े जाने के बाद, वेनेजुएला के वित्तीय मामलों पर अमेरिका की निगरानी और नियंत्रण किस तरह का रहा है. मादुरो के हटने के बाद से, अंतरिम नेता डेल्सी रोड्रिगेज वेनेजुएला का नेतृत्व कर रही हैं. वहीं, देश के लोकतांत्रिक भविष्य को लेकर वाशिंगटन के समर्थन वाली बातचीत भी चल रही है. दूसरी ओर, अमेरिका ने वेनेजुएला पर लगे कई प्रतिबंधों में ढील दी है.
- KPMG की रिपोर्ट के अनुसार, 3 जनवरी से 30 सितंबर के बीच, "वेनेजुएला कस्टडी अकाउंट" में कुल 12.26 बिलियन डॉलर से अधिक की राशि जमा हुई. यह राशि उन सत्यापित और स्वीकृत संस्थाओं से आई, जो वेनेजुएला के प्राकृतिक संसाधनों से जुड़ी अधिकृत गतिविधियों में शामिल थीं. यह एक ऐसे खाते की बात हो रही है, जिसे मादुरो के हटने के बाद वेनेजुएला के निर्यात राजस्व को मैनेज करने के लिए अमेरिकी ट्रेजरी विभाग द्वारा नियंत्रित किया जाता है. शुरुआत में यह खाता कतर में था.
- इसमें सबसे बड़ा हिस्सा कच्चे तेल और पेट्रोलियम से जुड़ी जमा राशि का था, जबकि बाकी हिस्से में सोना, खनिज और उर्वरक शामिल थे. कुल राशि में से लगभग 12.1 बिलियन डॉलर का भुगतान किया जा चुका है. 30 सितंबर तक, भविष्य में किए जाने वाले अधिकृत भुगतानों के लिए लगभग 168.6 मिलियन डॉलर इस खाते में कस्टडी में थे.
- अमेरिकी विदेश विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि यह रिपोर्ट नवंबर की शुरुआत में कांग्रेस को सौंपी गई थी. इस पर 29 अक्टूबर की तारीख दर्ज थी, जो अमेरिकी मध्यावधि चुनावों से कुछ ही दिन पहले की बात है. अमेरिकी अधिकारी ने आगे कहा, "ये फंड वेनेजुएला की संपत्ति हैं, जिन्हें वेनेजुएला सरकार की ओर से रखा गया है."
- वेनेजुएला की अंतरिम सरकार फंड की मांग करती है, और अमेरिकी विदेश विभाग को इन मांगों को उन कार्यों की तय सूची के आधार पर मंजूरी देनी होती है, जिन पर खर्च करने के लिए सहमति बनी है. इसके बाद अमेरिकी ट्रेजरी विभाग भुगतान करता है. फंड बांटने का एक जरिया 'करेंसी इंटरवेंशन मैकेनिज्म' है. रिपोर्ट के अनुसार, इस तरह बांटे गए फंड का 35 प्रतिशत से अधिक हिस्सा खाद्य और उपभोक्ता वस्तु क्षेत्र में गया. अन्य क्षेत्रों में प्रशासनिक सेवाएं, कृषि और स्वास्थ्य सेवा शामिल हैं.
यह भी पढ़ें | भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बना छोटे से गांव का लड़का सुरेंद्र चौधरी, UPSC CDS में रचा इतिहास
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
Venejuela, America