- राजस्थान के सुरेंद्र चौधरी ने UPSC CDS परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 43वीं रैंक हासिल की
- सुरेंद्र के मन में देशसेवा का जुनून पूर्व विंग कमांडर गुमाना राम चौधरी द्वारा सुनाई गई कहानियों से जागा
- सुरेंद्र ने पहले NDA में सफलता पाई लेकिन प्रशिक्षण के कारण सेना में शामिल नहीं हो सके
Success Story UPSC CDS: राजस्थान के अजमेर जिले के छोटे से गांव रूपनगढ़ के रहने वाले सुरेंद्र चौधरी ने अपने सपने को मेहनत और लगन के दम पर हकीकत में बदल दिया. संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 43वीं रैंक हासिल करने वाले सुरेंद्र अब भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बनने जा रहे हैं. दिलचस्प बात यह है कि उनके इस सफर की शुरुआत बचपन में सुनी गई फौजी जीवन की उन प्रेरक कहानियों से हुई, जिन्हें दादा के दोस्त और पूर्व विंग कमांडर गुमाना राम चौधरी सुनाया करते थे. उन्हीं किस्सों ने सुरेंद्र के मन में देशसेवा का ऐसा जुनून जगाया, जिसने उन्हें सेना में अफसर बनने की राह पर आगे बढ़ाया.
सुरेंद्र चौधरी की सक्सेस स्टोरी
एनडीटीवी से बातचीत में सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि वे राजस्थान के अजमेर जिले के गांव रूपनगढ़ के रहने वाले हैं. उनके पिता रामविलास चौधरी किशनगढ़ मार्बल का व्यवसाय करते हैं. दादा सुखाराम चौधरी के दोस्त गुमाना राम चौधरी भारतीय वायुसेना से विंग कमांडर पद से सेवानिवृत्त होने के बाद उनके बिजनेस पार्टनर बने. ऐसे में गुमाना राम चौधरी से परिवार के अच्छे संबंध थे और उनका घर आना-जाना भी था.
पूर्व विंग कमांडर से सुने फौज के किस्से
सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि जब वे वर्ष 2017 में आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहे थे, तब दादा के दोस्त एवं पूर्व विंग कमांडर गुमाना राम चौधरी ने उन्हें सेना के अनुशासन, फौजियों में देशभक्ति की अटूट मिसाल और सैन्य जीवन के कई किस्से सुनाए. इन बातों को सुनकर उनके भीतर देशसेवा का जज्बा जाग गया. उन्होंने सुरेंद्र को एनडीए और सीडीएस के जरिए सैन्य अधिकारी बनने की राह दिखाई. सुरेंद्र ने पहले एनडीए में सफलता हासिल की, लेकिन प्रशिक्षण के लिए नहीं जा सके. इसके बाद उन्होंने यूपीएससी सीडीएस परीक्षा में 43वीं रैंक हासिल की.
आईएमए देहरादून में लेंगे प्रशिक्षण
सुरेंद्र चौधरी ने बताया कि वे आईएमए देहरादून से करीब डेढ़ वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे. इसके बाद बतौर लेफ्टिनेंट भारतीय सेना का हिस्सा बनेंगे. सीडीएस की तैयारी उन्होंने राजस्थान के सीकर स्थित प्रिंस एनडीए अकादमी से की. वे यहां सात-आठ माह तक रहे. अपने गांव से भारतीय सेना में सीधे लेफ्टिनेंट बनने वाले सुरेंद्र चौधरी संभवत: पहले युवा हैं.
यह भी पढ़ें- Success Story: कभी अग्निवीर में 2 बार हुई फेल, अब लेफ्टिनेंट बनेगी रुचि पूनिया, NDA में AIR-9
यह भी पढ़ें- छोटे से गांव की बेटी ने UPSC में रचा इतिहास, NDA में AIR-4 पाकर लेफ्टिनेंट बनेगी पंकज कुमारी
यह भी पढ़ें- गांव का पहला लेफ्टिनेंट बना किसान का बेटा सुमित, SSB में 8 बार हुआ फेल, अब UPSC CDS में AIR-4
यह भी पढ़ें- किसान की बेटी अनुष्का चौधरी ने UPSC में रचा इतिहास, NDA क्रैक कर गांव की पहली लेफ्टिनेंट बनी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं