अमेरिका में इंसानों जैसे दिखने वाले (ह्यूमनॉइड) और चार पैरों पर चलने वाले रोबोट को दूसरे देशों से आयत करने पर बैन लगा दिया गया है. अमेरिका की डोनाल्ड ट्रंप सरकार ने इन रोबोट को उन चीजों की लिस्ट में शामिल कर दिया है, जिन्हें अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा की वजह से बाहर देश से मंगाने (आयात करने) पर रोक रहेगी. यह बड़ा फैसला है क्योंकि अमेरिका में बिकने वाले ज्यादातर इंसानों जैसे रोबोट यानी ह्यूमनॉइड विदेशों में बनते हैं, खासकर चीन में.
न्यूज एजेंसी एएफपी की रिपोर्ट के अनुसार अमेरिका की फेडरल कम्युनिकेशंस कमीशन (FCC) ने मंगलवार को बताया कि अब इस लिस्ट में आधुनिक रोबोट भी शामिल कर दिए गए हैं. इससे पहले इस लिस्ट में कुछ तरह के ड्रोन, चीनी कंपनियां हुआवेई और चाइना टेलीकॉम शामिल थीं. अब इसमें ऐसे मोबाइल रोबोट भी जोड़ दिए गए हैं, जो इंसानों या जानवरों की तरह दो या चार पैरों पर चल सकते हैं.
क्यों लिया गया यह फैसला?
यह फैसला व्हाइट हाउस की बनाई गई एक टीम की जांच के बाद लिया गया. टीम का कहना है कि विदेशों में बने ये रोबोट हैकिंग और साइबर हमलों का खतरा बढ़ा सकते हैं. इससे अमेरिका की जरूरी सेवाओं और वहां रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है. हालांकि, पेंटागन (रक्षा मंत्रालय) और होमलैंड सिक्योरिटी विभाग चाहें तो कुछ मामलों में इस रोक से छूट दे सकते हैं.
यह रोक सिर्फ नए मॉडल पर लागू होगी. जो रोबोट पहले से अमेरिका में बिक रहे हैं या जिन्हें पहले ही मंजूरी मिल चुकी है, उन पर इसका असर नहीं पड़ेगा. यह फैसला ऐसे समय आया है, जब ट्रंप प्रशासन अमेरिका में ही ज्यादा सामान बनाने पर जोर दे रहा है.
यह भी पढ़ें: इंसान जैसी दिखने वाली रोबोट बनी टीचर, अमेरिका के हाई स्कूल में शुरू हुआ पायलट प्रोजेक्ट
यह भी पढ़ें: एक पावर बैंक ने पूरे प्लेन में मचाया हड़कंप, कैमरे में कैद आग का खौफनाक मंजर- VIDEO
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं