- दक्षिण कोरिया के जज शिन जोंग-ओ पिछले महीने पूर्व फर्स्ट लेडी की जेल की सजा दोगुना बढ़ाने के कारण चर्चा में थे
- अब शिन जोंग-ओ को मंगलवार रात सियोल हाई कोर्ट की इमारत में बेहोश पाया गया और अस्पताल में मृत घोषित किया गया
- जज ने किम क्योन-ही को शेयर बाजार में हेरफेर और रिश्वत के मामले में दोषी मानकर उनकी सजा चार साल की थी
दक्षिण कोरिया में एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है. जिस जज ने पिछले महीने देश के पूर्व राष्ट्रपति की पत्नी (पूर्व फर्स्ट लेडी) की जेल की सजा को दोगुना से भी ज्यादा बढ़ा दिया था, वही जज अब रहस्यमयी हालत में मृत पाए गए हैं. इस खबर के सामने आते ही पूरे देश में हलचल मच गई. पुलिस जांच में जुट गई है और लोग कई तरह के सवाल पूछ रहे हैं. मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि जज ने सुसाइड नोट छोड़ा था, लेकिन पुलिस ने इससे इनकार किया है. इस घटना ने दक्षिण कोरिया की राजनीति और न्याय व्यवस्था दोनों को चर्चा के केंद्र में ला दिया है.
दक्षिण कोरिया में हुआ क्या है?
दक्षिण कोरिया में जज शिन जोंग-ओ पिछले महीने पूर्व फर्स्ट लेडी की जेल की सजा को दोगुना से भी ज्यादा बढ़ाने के कारण चर्चा में आए थे. वे अब बुधवार को मृत पाए गए. यह जानकारी पुलिस ने दी. सियोचो जिला पुलिस स्टेशन के एक जांच अधिकारी ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया कि शिन जोंग-ओ “मंगलवार रात 1 बजे के आसपास सियोल हाई कोर्ट की इमारत में बेहोश हालत में मिले थे.”
उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. जांच अधिकारी ने कहा, “मौत में किसी तरह की साजिश या बाहरी हमला दिखाई नहीं देता.” स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स में कहा गया कि शिन जोंग-ओ ने एक सुसाइड नोट छोड़ा था, लेकिन जांच अधिकारी ने कहा कि ऐसा कोई नोट नहीं मिला है.
उस समय जज शिन जोंग-ओ ने कहा था कि किम क्योन-ही ने “अपनी गलती स्वीकार नहीं की और लगातार बहाने बनाती रहीं.” बुधवार को पुलिस जांच अधिकारी ने कहा कि जज के परिवार वाले इस घटना से बेहद दुखी हैं और उन्होंने लोगों से उनकी निजी जिंदगी का सम्मान करने की अपील की है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं