इस्लामाबाद:
पाकिस्तान के रक्षा मंत्रालय ने रविवार को शम्सी हवाई ठिकाने का नियंत्रण अपने हाथ में ले लिया। पाकिस्तानी सीमा चौकी पर पिछले महीने हुए नाटो के हमले के बाद सरकार ने अमेरिका को यह हवाई ठिकाना खाली करने को कहा था। इस हमले में 24 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए थे। 'जियो न्यूज' ने खबर दी है कि पाकिस्तान के नागर विमानन मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय और आंतरिक मामलों के मंत्रालय के अधिकारी इस मौके पर बलूचिस्तान स्थित शम्सी हवाई ठिकाने पर मौजूद थे। सूत्रों ने बताया कि इस बारे में फैसला बाद में लिया जाएगा कि इस हवाई ठिकाने की कमान संयुक्त अरब अमीरात को सौंपी जाएगी या नहीं। इस बीच 'डॉन न्यूज' ने पाकिस्तान के एक शीर्ष अधिकारी के हवाले से खबर दी है कि अमेरिकी वायुसेना का एक मालवाहक विमान अमेरिकी सैनिकों को अगले गंतव्य तक पहुंचाने के लिए आज हवाई ठिकाने पहुंचेगा। सूत्रों के अनुसार पिछले एक सप्ताह भर में इस हवाई ठिकाने पर करीब 20 अमेरिकी मालवाहक विमान उतरे हैं। यहां से संवेदनशील उपकरण, वाहन और सैनिकों का साजोसामान इन्हीं के जरिये यहां से भेजा गया है। इस ठिकाने का पिछले 10 साल से अमेरिका इस्तेमाल कर रहा था। अमेरिका पर 9/11 के हमले के बाद पाकिस्तान ने उसे अपने दो हवाई ठिकाने दलबनदीन और शम्सी का इस्तेमाल करने की इजाजत दी थी।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
शम्सी हवाई ठिकाना, नाटो हमला, पाकिस्तान, अमेरिका