संयुक्त राष्ट्र:
अफगानिस्तान पर आयोजित बॉन बैठक में हिस्सा न लेने के पाकिस्तान के फैसले को खेदजनक बताते हुए संयुक्त राष्ट्र प्रमुख बान की मून ने कहा कि यह भागीदारी आवश्यक थी क्योंकि संघर्ष के शिकार पड़ोसी देश की शांति और स्थायित्व में उसकी अहम भूमिका है। बान अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस के लिए जर्मन शहर में हैं, जहां उन्होंने अफगानिस्तान के राष्ट्रपति हामिद करजई से भी मुलाकात की। संवाददाताओं से बात करते हुए बान ने कहा कि पाकिस्तान का महत्वपूर्ण बैठक में भाग न लेना उसका अपना स्वतंत्र फैसला है। बान के प्रवक्ता की ओर से जारी विज्ञप्ति में संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के हवाले से कहा गया, अफगानिस्तान में शांति और स्थायित्व के लिए क्षेत्र के जो देश प्रमुख हैं उनमें पाकिस्तान एक है और इसलिए बहुत अच्छा होता यदि पाकिस्तान कांफ्रेंस में उपस्थित होता। मुझे लगता है पाकिस्तान का नहीं आने का फैसला खेदजनक है। पाकिस्तान ने उसकी सैन्य चौकियों पर हाल ही में किए गए नाटों के हमले के मद्देनजर कॉन्फ्रेंस का बहिष्कार करने का फैसला किया है। इस हमले में पाकिस्तान के 24 सैनिक मारे गए थे। अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन सहित व्हाइट हाउस और ओबामा प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने पाकिस्तान से कॉन्फ्रेंस में भाग नहीं लेने के फैसले पर पुनर्विचार के लिए कहा था।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
पाकिस्तान, बैठक, अफगानिस्तान, मून