इस्लामाबाद:
पाकिस्तान के शक्तिशाली सेनाध्यक्ष जनरल अशफाक परवेज कयानी ने कहा कि उनका बल लोकतंत्र का समर्थन करेगा। इसके साथ ही उन्होंने सैन्य तख्तापलट की अटकलों को यह कहते हुए भ्रामक करार दिया कि इनका इस्तेमाल असली मुद्दों से ध्यान बंटाने के लिए किया जा रहा है। कयानी की ओर से यह बयान प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी की ओर से यह चेतावनी देने के बाद आया है कि लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई उनकी सरकार को सत्ता से हटाने के लिए षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। पाकिस्तानी सेनाध्यक्ष ने दोहराया कि पाकिस्तान सेना ने देश में लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं का समर्थन किया और वह भविष्य में भी ऐसा करती रहेगी। सेना की ओर से कयानी के हवाले से जारी बयान में कहा गया है, सेना को अपने संवैधानिक दायित्वों और जिम्मेदारियों का पूरी तरह से आभास है। बयान के अनुसार कयानी ने यह बयान कबायली क्षेत्रों मोहमंद और कुर्रम की सीमा चौकियों के दौरा के समय दिया।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
कयानी, तख्तापलट, अटकल, खारिज