Iran US Israel War: इजरायल-अमेरिका और ईरान की जंग ने गल्फ के कई देशों को अपनी जद में ले रखा है. ईरान के ड्रोन और मिसाइल पड़ोस के कई खाड़ी देशों पर गिर रहे हैं, जिससे मिडिल ईस्ट के कई देशों में जंग के हालात है. इस बीच शनिवार को इस जंग के 8वें दिन कई नए अहम मोड़ देखने को मिले. जंग के बीच शनिवार को एक बड़ी अपडेट तब सामने आई तब ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने पड़ोस के खाड़ी देशों के नागरिक ठिकानों पर हुए हमलों के लिए निजी तौर पर माफी मांगी. उन्होंने कहा कि हालिया युद्ध के दौरान जिन पड़ोसी देशों की तरफ हमले हुए, उसके लिए उन्हें खेद है. पेजेशकियान ने भरोसा दिलाया कि अब पड़ोसी देशों को तब तक निशाना नहीं बनाया जाएगा, जब तक उनकी जमीन का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ न हो.
अबू धाबी में अमेरिकी अल धफरा एयर बेस पर ड्रोन अटैक
लेकिन राष्ट्रपति के इस बयान के बाद भी शनिवार को ईरान के ड्रोन की धमक सऊदी से लेकर दुबई तक फिर महसूस किए गए. एक तरफ राष्ट्रपति शांति की बात कर रहे थे, दूसरी तरफ ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने अबू धाबी के पास अमेरिकी 'अल धफरा' एयर बेस पर ड्रोन से हमला कर दिया. दुबई से भी ईरानी ड्रोन अटैक की बात सामने आई.
क्या यह ईरान का माइंड गेम?
राष्ट्रपति के बयान के बाद हुए ये हमले विरोधाभाषी है. कई जानकार इसे ईरान का माइंड गेम बता रहे हैं. दरअसल IRGC के जनसंपर्क कार्यालय ने शनिवार को घोषणा की कि IRGC नौसेना के ड्रोन प्रभाग ने आज सुबह अल धाफरा हवाई अड्डे पर एक बड़ा हमला किया. ड्रोन हमले में लक्ष्यों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया. इस हमले में अमेरिकी हवाई युद्ध का कमांड सेंटर, उपग्रह संचार केंद्र, प्रारंभिक चेतावनी रडार और फायर कंट्रोल रडार नष्ट हो गए.
दुबई एयरपोर्ट के पास तेज धमाका
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे के ऊपर एक तेज धमाके की आवाज सुनी गई. AFP को एक चश्मदीद ने बताया कि धमाके के तुरंत बाद आसमान में धुएं का गुबार उठता दिखाई दिया. घटना उस समय हुई जब ईरान खाड़ी के कई हिस्सों में हमले तेज़ कर रहा है. इस हमले के बाद दुबई से आने और दुबई जाने वाली सभी उड़ानों को कुछ घंटों को रोकना पड़ा.
राष्ट्रपति की माफी के बाद भी कई देशों पर हमला
ईरान के राष्ट्रपति की माफी के बाद भी सऊदी अरब, कतर, बहरीन, संयुक्त अरब अमीरात पर ड्रोन और मिसाइल से हमलों की नई घटनाएं सामने आईं. कतर ने भी अपने ऊपर हुए एक बैलिस्टिक मिसाइल हमले की कोशिश को नाकाम करने का दावा किया है. सऊदी अरब ने भी मिडिल ईस्ट के सबसे बड़े तेल क्षेत्र शायबह की ओर बढ़ते एक ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है.
यह भी पढ़ें - LIVE: अमेरिकी मिसाइल डिफेंस पर बड़ा प्रहार, जॉर्डन में $300 मिलियन का US रडार तबाह
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं