विज्ञापन

हिंदी दिवस पर खास: अनवर इब्राहिम अकेले नहीं, इन राष्ट्राध्यक्षों का भी हिंदी से है खास रिश्ता

दुनिया के कई ऐसे नेता हैं जिनका हिंदी प्रेम वैश्विक इवेंट या किसी घरेलू समारोह के दौरान दिख ही जाता है. इन लोगों की फेहरिस्त काफी लंबी है.

हिंदी दिवस पर खास: अनवर इब्राहिम अकेले नहीं, इन राष्ट्राध्यक्षों का भी हिंदी से है खास रिश्ता
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गाया.
NDTV

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने दिल्ली में मशहूर हिंदी गीत 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गुनगुनाकर हिंदी प्रेम का परिचय दिया. लेकिन वह ऐसे अकेले विदेशी नेता नहीं हैं जिनका हिंदी से जुड़ाव है. दुनिया के कई नेता हैं जिनका हिंदी प्रेम वक्त वक्त पर दिख ही जाता है. वैश्विक पटल पर वह इस बात का इजहार भी करते हैं कि हिंदी दिलों की जोड़ने वाली भाषा है.

मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम

सबसे ताजा उदाहरण यही है. वे कई बार हिंदी फिल्मी गीत गाते दिख चुके हैं. 2024 में उन्होंने 'दोस्त दोस्त ना रहा' और अब दिल्ली में 'ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत' गाया. इससे साफ है कि उन्हें हिंदी-उर्दू फिल्मी संस्कृति की अच्छी समझ है.

सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी

यह शायद दुनिया के उन राष्ट्राध्यक्षों में हैं जो हिंदी से सबसे ज्यादा जुड़े हुए हैं. प्रवासी भारतीय दिवस में उन्होंने मंच से हिंदी में संबोधन शुरू किया, 'आपको हृदय से मेरा नमस्कार' कहा और हिंदी शिक्षण संस्थान खोलने की वकालत की.

ब्रिक्स समिट में छाए किशोर कुमार और मुकेश के गीत, जानिए मलेशिया के PM ने पहले कब-कब गाया हिंदी गाना

गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली

गुयाना में बड़ी भारतीय मूल की आबादी है. इरफान अली ने भारत में शिक्षा भी प्राप्त की है और प्रवासी भारतीय आयोजनों में हिंदी व भारतीय सांस्कृतिक विरासत के प्रति सार्वजनिक समर्थन जताया है.  

मॉरीशस के कई राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री

मॉरीशस हिंदी के लिहाज से एक अलग ही मामला है. वहां विश्व हिंदी सचिवालय (World Hindi Secretariat) मौजूद है. हाल के राष्ट्रपति धरम गोखूल ने हिंदी में सार्वजनिक भाषण दिए हैं और हिंदी को वैश्विक भाषा बनाने की बात की है.

मॉरीशस के पूर्व प्रधानमंत्री नवीन रामगुलाम, प्रविंद जगन्नाथ समेत कई शीर्ष नेता हिंदी दिवस, विश्व हिंदी सम्मेलन और भारतीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिंदी का इस्तेमाल करते रहे हैं. मॉरीशस में हिंदी स्कूल स्तर पर भी पढ़ाई जाती है.

फिजी के कई शीर्ष नेता

फिजी में 'फिजी हिंदी' एक मान्यता प्राप्त भाषा है. वहां के कई प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति भारतीय मूल के समुदाय से जुड़े रहे हैं. हालांकि वे भारतीय मानक हिंदी नहीं, बल्कि फिजी हिंदी बोलते हैं. इसलिए उन्हें हिंदी परिवार का महत्वपूर्ण वैश्विक चेहरा माना जा सकता है.

नेपाल के कई प्रधानमंत्री

नेपाल के कई शीर्ष नेता, जिनमें अतीत के कई प्रधानमंत्री शामिल हैं, हिंदी समझते और बोलते रहे हैं क्योंकि नेपाल में हिंदी मीडिया का व्यापक प्रभाव है. 

के.पी. शर्मा ओली , शेर बहादुर देउबा और पुष्प कमल दहल 'प्रचंड नाम प्रमुख हैं. हालांकि आधिकारिक भाषा नेपाली है, लेकिन भारतीय मीडिया और सांस्कृतिक संपर्क के कारण हिंदी का अच्छा प्रभाव है.

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई

अफगानिस्तान के पूर्व राष्ट्रपति हामिद करजई भारत के साथ अपने गहरे संबंधों और हिंदी भाषा के प्रति अपने विशेष लगाव के लिए जाने जाते हैं.

यह भी पढ़ें: ब्रिक्स में मलेशियाई प्रधानमंत्री ने गाया किशोर कुमार का गाना- ख्वाब हो तुम या कोई हकीकत... देखें VIDEO

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Hindi, Hindi Diwas
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com