वाशिंगटन:
पाकिस्तान और अमेरिका के बीच संबंधों के लगातार खराब होने के बीच अमेरिका की विदेशमंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा कि पाकिस्तान के साथ उनके देश का संबंध कठिन हो गया है और पाकिस्तान कमजोर आर्थिक नेतृत्व के चंगुल में है। एक परिचर्चा में हिलेरी ने कहा, यह कठिन संबंध है (पाकिस्तान के साथ)। यह कई वर्षों से ऐसा है। उन्होंने कहा, आप पीछे लौटकर उन कठिनाइयों को देख सकते हैं जिनका सामना हमारे देश ने किया है। हम संबंध खत्म करने से लेकर दूरी बनाने तक के दौर से गुजरे हैं। हमारे संबंध उसके साथ बने रहें या हम उसके साथ काम करते रहें उसका एक कारण महत्वपूर्ण संबंध भी है। अफगानिस्तान में काम के सिलसिले में भी यह विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। क्लिंटन ने एक सवाल के जवाब में कहा, यह सिर्फ राजनीतिक पसंद का मामला नहीं है बल्कि वह देश कमजोर आर्थिक नेतृत्व के चंगुल में भी है। हम उनके साथ आर्थिक एवं राजनीतिक स्थितियों पर काम करने की कोशिश कर रहे हैं। विदेशमंत्री ने कहा कि चूंकि पाकिस्तान काफी गरीब है और उनकी सरकार में काफी सुधार की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान को शिक्षा के क्षेत्र में, कृषि क्षेत्र में, ऊर्जा क्षेत्र में सुधार की आवश्कता है और प्रतियोगी आर्थिक वातावरण के लिए अपने नागरिकों को दी जाने वाले कुछ सब्सिडी को खत्म करने की जरूरत है । क्लिंटन ने कहा, वास्तविकता है कि पाकिस्तान में काफी कम लोग कर देते हैं और शायद ही कोई भू-स्वामी या धनी कर देता है इसलिए लोगों के लिए सेवा प्रणाली बनाने की खातिर कोई आधार नहीं है।
पूरी स्टोरी पढ़ें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं
हिलेरी क्लिटंन, आर्थिक नेतृत्व, पाकिस्तान