विज्ञापन
This Article is From Sep 12, 2015

मिस्र में प्रधानमंत्री का इस्तीफा, राष्ट्रपति ने पेट्रोलियम मंत्री से सरकार बनाने को कहा

मिस्र में प्रधानमंत्री का इस्तीफा, राष्ट्रपति ने पेट्रोलियम मंत्री से सरकार बनाने को कहा
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी की फाइल फोटो (Reuters)
काहिरा: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी ने पेट्रोलियम मंत्री शरीफ इस्माइल से नई सरकार बनाने को कहा। प्रधानमंत्री इब्राहिम महलाब और उनकी कैबिनेट द्वारा भ्रष्टाचार के एक मामले में चल रही जांच के बीच इस्तीफा दिए जाने के बाद राष्ट्रपति ने यह निर्देश दिया।

राष्ट्रपति कार्यालय जारी एक बयान के मुताबिक, मंत्रिमंडल ने शनिवार सुबह बैठक की और राष्ट्रपति को अपना इस्तीफा सौंपा, जिसे सिसी ने स्वीकार कर लिया।

बीते कुछ हफ्ते में महलाब के मंत्रिमंडल को कई चुनौतियां झेलनी पड़ी हैं। बीते हफ्ते कृषिमंत्री सलाह हेलाल को इस्तीफा देने पर मजबूर होना पड़ा था और भ्रष्टाचार के आरोपों में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।

अपुष्ट रिपोर्ट के मुताबिक, महलाब मंत्रिमंडल के अन्य मंत्रियों के खिलाफ भी भ्रष्टाचार के आरोपों के तहत जांच हो सकती है। कृषिमंत्री के इस्तीफे के बाद मीडिया में खबरें आई थीं कि अन्य मंत्रियों को भी हटाया जा सकता है। अधिकारियों ने हालांकि जोर देते हुए कहा था कि भविष्य में मंत्रिमंडल में फेरबदल की योजना नहीं है।

बीते कुछ हफ्ते के दौरान सिविल सेवा को नियंत्रित करने वाले एक विवादित कानून के खिलाफ सरकारी कर्मचारियों का प्रदर्शन भी सुर्खियां बटोर रहा था।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com