विज्ञापन
This Article is From Jul 27, 2025

ताइवान के खिलाफ चीन की साजिश! बॉर्डर के करीब 17 चीनी मिलिट्री प्‍लेन और 7 नौसैनिक जहाज आए नजर

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि चीन के 17 सैन्य विमानों और 7 नौसैनिक जहाजों की गतिविधियां ताइवान के आसपास देखी गई हैं.

ताइवान के खिलाफ चीन की साजिश! बॉर्डर के करीब 17 चीनी मिलिट्री प्‍लेन और 7 नौसैनिक जहाज आए नजर
  • ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार सुबह तक चीन के 17 सैन्य विमानों और 7 नौसैनिक जहाजों की गतिविधियां दर्ज कीं.
  • आठ चीनी सैन्य विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार कर वायु रक्षा क्षेत्र में प्रवेश किया.
  • ताइवानी सेनाओं ने स्थिति की निगरानी की और विमान, नौसैनिक पोत और तटीय प्रणालियों को सक्रिय जवाबी कार्रवाई की.
ताइपे:

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि चीन के 17 सैन्य विमानों और 7 नौसैनिक जहाजों की गतिविधियां ताइवान के आसपास देखी गई हैं. यह गतिविधियां शनिवार सुबह 6 बजे (स्थानीय समय) तक दर्ज की गईं.  मंत्रालय के अनुसार, 17 में से 8 चीनी सैन्य विमानों ने ताइवान जलडमरूमध्य की मध्य रेखा पार की और ताइवान के दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया. चीन की इस सैन्य गतिविधि के जवाब में ताइवान की सशस्त्र सेनाओं ने स्थिति की निगरानी की और अपने विमानों, नौसैनिक पोतों व तटीय रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर जवाबी कार्रवाई की.

ताइवान ने की जरूरी कार्रवाई 

ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक बयान जारी करते हुए कहा, 'आज सुबह 6 बजे तक ताइवान के आसपास पीएलए (चीन की सेना) के 17 सैन्य विमान और पीएलए नेवी के 7 पोत देखे गए. इनमें से 8 विमानों ने मध्य रेखा को पार करते हुए दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया. हमने स्थिति की निगरानी की और आवश्यक कार्रवाई की.' यह ताजा घुसपैठ शुक्रवार को हुई इसी तरह की घटना के बाद सामने आई है. शुक्रवार को ताइवान के रक्षा मंत्रालय ने बताया था कि सुबह 6 बजे तक चीन के 26 सैन्य विमान, 7 नौसैनिक पोत और एक आधिकारिक जहाज ताइवान की सीमा के पास देखे गए थे. उस दिन 26 में से 24 विमान मध्य रेखा पार कर ताइवान के उत्तरी और दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में घुसे थे.

चीन मानता है अपना हिस्‍सा 

ताइवान ने तब भी निगरानी कर जवाबी कदम उठाए थे. मंत्रालय ने शुक्रवार को एक्स पर लिखा, 'आज सुबह 6 बजे तक ताइवान के चारों ओर पीएलए के 26 सैन्य विमान, पीएलए नेवी के 7 पोत और एक आधिकारिक जहाज देखे गए. इनमें से 24 विमानों ने मध्य रेखा पार की और ताइवान के उत्तरी एवं दक्षिण-पश्चिमी वायु रक्षा पहचान क्षेत्र में प्रवेश किया.  हमने स्थिति की निगरानी की और प्रतिक्रिया दी.' गौरतलब है कि ताइवान 1949 से स्वतंत्र रूप से शासित है, लेकिन चीन उसे अपने "वन चाइना सिद्धांत" के तहत अपना हिस्सा मानता है और बीजिंग के साथ पुनः एकीकरण की मांग करता है. लगातार चीनी सैन्य दबाव के बीच ताइवान की सेना हाई अलर्ट पर है और द्वीप की संप्रभुता की रक्षा व क्षेत्रीय स्थिरता बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी व जवाबी कार्रवाई कर रही है. 
 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
China Taiwan Confict, China Taiwan Conflict News, China Taiwan Clash
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com