विज्ञापन
This Article is From Sep 14, 2015

आतंकियों का पीछा कर रहे मिस्र के सुरक्षा बलों ने गलती से 12 पर्यटकों को मार डाला

आतंकियों का पीछा कर रहे मिस्र के सुरक्षा बलों ने गलती से 12 पर्यटकों को मार डाला
प्रतीकात्मक चित्र
काहिरा: मिस्र के सुरक्षा बलों ने देश के पश्चिमी रेगिस्तान में आतंकियों का पीछा करते हुए गलती से पर्यटकों के एक काफिले को निशाना बनाकर 12 लोगों को मार डाला और 10 लोगों को घायल कर दिया। मारे गए पर्यटकों में मैक्सिको के निवासी भी शामिल हैं।

गृह मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, पुलिस और सेना का एक संयुक्त बल रविवार को पश्चिमी रेगिस्तानी इलाके अल वहात में आतंकियों का पीछा कर रहा था। तब उन्होंने गलती से चार वाहनों को निशाने पर ले लिया, जो कि एक प्रतिबंधित क्षेत्र में मौजूद थे। इन वाहनों में मैक्सिको के पर्यटक सवार थे।

बयान में कहा गया, इस घटना के कारण 12 लोगों की मौत हो गई। इसके अलावा मैक्सिको और मिस्र के 10 लोग घायल हो गए। यह क्षेत्र विदेशी पर्यटकों के प्रवेश के लिहाज से निषिद्ध है। बयान में कहा गया, इस बात की जांच के लिए एक दल का गठन किया गया है कि आखिर वहां हुआ क्या था और ये पर्यटक उस प्रतिबंधित क्षेत्र में क्यों मौजूद थे?’ बयान में कहा गया कि घायलों को अस्पताल ले जाया गया और घटना की परिस्थितियों की जांच की जा रही है।

हालांकि गृह मंत्रालय ने मारे गए मैक्सिको निवासियों की सही संख्या नहीं बताई और न ही यह बताया है कि वाहनों को कैसे निशाना बनाया गया? बाद में मैक्सिको के विदेश मंत्रालय ने इस बात की पुष्टि की कि मैक्सिको के कम से कम दो पर्यटक मारे गए। मैक्सिको के राष्ट्रपति ने मिस्र से कहा है कि वह इस घटना की ‘व्यापक’ जांच कराए।

पश्चिमी रेगिस्तान देश के उन इलाकों में से एक है, जहां इस्लामिक स्टेट से संबद्ध आतंकी अपना प्रभुत्व रखते हैं और ये लोग मिस्र की पूर्वी सीमाओं पर सिनाई में तैनात सुरक्षा बलों को निशाना बनाते रहे हैं।

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
डार्क मोड/लाइट मोड पर जाएं
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com