महाराष्ट्र में पेपर लीक को लेकर सख्त कानून बनाने की तैयारी हो रही है. भर्ती प्रक्रिया में सुधारों के लिए बनाई गई एक हाई लेवल कमेटी ने सरकार को अपनी दूसरी रिपोर्ट सौंपी है, जिसमें तमाम तरह की सिफारिशें की गई हैं. इसमें संपत्ति जब्त करने से लेकर कुर्की, 1 करोड़ और 10 साल तक की सजा जैसे प्रावधान बताए गए हैं. इससे नकल माफियाओं पर नकेल कसने की तैयारी है. इसके अलावा परीक्षा में बैठने वाले सभी उम्मीदवारों को फीस वापस करने की भी बात कही गई है. सरकार की तरफ से 4 दिसंबर 2026 को इस कमेटी का गठन किया गया था.
इससे पहले 4 नवंबर को कमेटी ने एमपीएससी (MPSC) ग्रुप-सी परीक्षा को लेकर अपनी पहली रिपोर्ट दी थी. अब इस दूसरी रिपोर्ट में भर्ती का विज्ञापन निकलने से लेकर फाइनल रिजल्ट आने तक की पूरी व्यवस्था को आधुनिक और फुलप्रूफ बनाने का खाका पेश किया गया है.
नकल माफियाओं को 10 साल जेल और 5 करोड़ तक जुर्माना
समिति ने सुझाव दिया है कि 2024 के मौजूदा एंटी-चीटिंग कानून में बड़े बदलाव कर इसे और सख्त बनाया जाए. नई सिफारिशों के मुताबिक पेपर लीक या गड़बड़ी करने वाले गिरोहों को अब 5 की जगह कम से कम 7 से 10 साल तक की जेल होनी चाहिए. साथ ही इन पर कम से कम 1 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया जाए और परीक्षा रद्द होने से हुए नुकसान की भरपाई इनकी जमीन, मकान, बैंक खाते और डिजिटल संपत्ति जब्त करके की जाए.
कमेटी ने सुझाव दिया है कि अगर परीक्षा का ठेका लेने वाली किसी सर्विस प्रोवाइडर कंपनी की मिलीभगत सामने आती है, तो उस पर 1 से 5 करोड़ रुपये तक का जुर्माना लगे. कंपनी के डायरेक्टर या इंचार्ज को भी 3 से 10 साल की जेल और 1 से 5 करोड़ रुपये तक जुर्माने की सजा हो. वहीं कोई छात्र खुद गलत तरीके अपनाते हुए पकड़ा जाता है, तो उसे 5 से 10 साल की सजा और 10 लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान किया जाए.
तीन महीने में मामलों का निपटारा
कमेटी ने कहा है कि ऐसे पेचीदा मामलों की जांच के लिए एडिशनल एसपी और बड़े शहरों में डीसीपी रैंक से नीचे के अधिकारी न करें. इसके अलावा एक अलग स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बनाई जाए. मामलों की सुनवाई के लिए स्पेशल फास्ट-ट्रैक कोर्ट बनें, जहां पुराने और नए सभी केसों का निपटारा 3 महीने के भीतर किया जाए.
अक्टूबर में जारी हो परीक्षाओं का कैलेंडर
भर्तियों में होने वाली देरी को खत्म करने के लिए कमेटी ने कहा है कि सभी सरकारी विभाग हर साल सितंबर के आखिर तक खाली पदों का ब्योरा (रिक्विजिशन) एमपीएससी को भेज दें. इसके बाद आयोग हर साल अक्टूबर तक अगले पूरे साल का परीक्षा कैलेंडर अपनी वेबसाइट पर जारी करे. साथ ही, 'महाआईडी' या आधार के जरिए वन-टाइम रजिस्ट्रेशन की सुविधा शुरू हो, ताकि छात्रों को हर फॉर्म के साथ बार-बार अपने डॉक्यूमेंट्स अपलोड न करने पड़ें.
इसी सत्र में आ सकता है नया कानून
कमेटी की रिपोर्ट मिलने के बाद अब महाराष्ट्र सरकार आने वाले सत्र में नकल माफिया के खिलाफ नया कानून ला सकती है. महाराष्ट्र सरकार एआई और हाईटेक तरीके से नकल करने वालों को पकड़ने के लिए एक अलग साइबर सेल बनाने पर भी विचार कर रही है. इससे पूरे डिजिटल सिस्टम को सुरक्षित बनाया जाएगा.
यह भी पढ़ें | कितनी पढ़ी लिखीं हैं हरजोत कौर, बनीं हैं BPSC अध्यक्ष, सैनिटरी पैड को लेकर दिया था विवादित बयान
यह भी पढ़ें | मध्य प्रदेश पुलिस कांस्टेबल भर्ती की नई तारीख का ऐलान, जानें कब जारी होंगे एडमिट कार्ड
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं