विज्ञापन
This Article is From Jan 07, 2018

यूपी हज समिति कार्यालय की चाहरदीवारी पर फिर से की गई पुताई, भगवा रंग को लेकर हुआ था विवाद

आलोचनाओं का सामना कर रही भाजपा सरकार ने स्वीकार किया कि ठेकेदार ने लापरवाही बरती है. राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, 'उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय की रंगाई-पुताई व अनुरक्षण के कार्य में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी आरपी सिंह ने इसका तत्काल संज्ञान लेकर दिये गये निर्देशों के अनुसार कार्य में सुधार कराने के साथ ही सम्बन्धित ठेकदार के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं.'

यूपी हज समिति कार्यालय की चाहरदीवारी पर फिर से की गई पुताई, भगवा रंग को लेकर हुआ था विवाद
हज हाउस की चहारदीवारी को पहले भगवा रंग से रंगा गया था
लखनऊ: उत्तर प्रदेश हज समिति  के कार्यालय की चहारदीवारी पर चटख भगवा रंग लगाने को लेकर उठे विवाद के बाद उस पर दोबारा उसी रंग से पुताई कर दी है जो पहले था. आलोचनाओं का सामना कर रही भाजपा सरकार ने स्वीकार किया कि ठेकेदार ने लापरवाही बरती है. राज्य सरकार की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया, 'उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय की रंगाई-पुताई व अनुरक्षण के कार्य में ठेकेदार द्वारा लापरवाही बरतने पर राज्य हज समिति के सचिव व कार्यपालक अधिकारी आरपी सिंह ने इसका तत्काल संज्ञान लेकर दिये गये निर्देशों के अनुसार कार्य में सुधार कराने के साथ ही सम्बन्धित ठेकदार के विरूद्ध कार्यवाही करने के निर्देश दिये हैं.' विज्ञप्ति के अनुसार सिंह ने बताया कि विधानसभा मार्ग स्थित उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति कार्यालय की रंगाई पुताई एवं अनुरक्षण का कार्य हज समिति द्वारा ठेकेदार के माध्यम से पूर्व में दिये गये निर्देशों के अनुसार कराया जा रहा था, जिसमें लापरवाही बरती गई.

भारत ने नहीं, सऊदी अरब ने बदले महिलाओं के लिए हज के नियम

उन्होंने कहा कि इसके बारे में कतिपय समाचार पत्रों में खबरें भी प्रकाशित हुई थीं. इसी परिप्रेक्ष्य में उन्होंने मौके पर जाकर कार्य का निरीक्षण किया और पाया कि 'जो रंग चहारदीवारी का करने के निर्देश दिये गये थे उसमें लापरवाही बरती गयी और निर्देशों के विपरीत रंग को कुछ अधिक गाढ़ा कर दिया गया.' विज्ञप्ति के मुताबिक इसे तत्काल रोक दिया गया और निर्देशों के अनुसार ही चहारदीवारी की रंगाई-पुताई व अनुरक्षण का कार्य कराने के निर्देश सम्बन्धित को दिये. गौरतलब है कि राजधानी में मुख्यमंत्री कार्यालय और कुछ अन्य भवनों के बाद उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय की बाहरी दीवारें भगवा रंग में रंग दी गयी थीं. दीवारों पर भगवा पेंट राज्य संपत्ति विभाग की ओर से परसों कराया गया. इस प्रकरण पर सपा प्रवक्ता सुनील सिंह साजन ने कल कहा था कि भाजपा रंग बदलने के लिए जानी जाती है. वह केवल अपनी गलतियों और विफलताओं को छिपाने के लिए ऐसा कर रही है.

वीडियो :  हज ऑफिस पर भगवा रंग

आल इंडिया शिया पर्सनल ला बोर्ड के प्रवक्ता यासूब अब्बास ने गहरी आपत्ति प्रकट करते हुए कहा कि ये सब क्या है । भाजपा भगवा रंग रंगेगी, सपा हरा चुनेगी और बसपा नीला. यह रंग की राजनीति है, जिससे बचा जाना चाहिए संपर्क करने पर अल्पसंख्यक मामलों के राज्य मंत्री मोहसिन रजा ने बताया था, 'मुझे उन लोगों की बात समझ नहीं आती जिन्हें नये रंग से दिक्कत है. क्या भगवा राष्ट्रविरोधी रंग है? भगवा उजाले और ऊर्जा का प्रतीक है.' उन्होंने कहा, 'जब सूरज की पहली किरण धरती पर पड़ती है तो यह भगवा रोशनी के साथ आती है.' 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com