विज्ञापन
This Article is From Oct 12, 2017

सपा के पास खोने को कुछ नहीं, अब तो सिर्फ पाना ही पाना है : अखिलेश यादव

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा, 'अब तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद ही स्वीकार कर रहे हैं कि उप्र की पुलिस भ्रष्टाचार कर रही है.

सपा के पास खोने को कुछ नहीं, अब तो सिर्फ पाना ही पाना है : अखिलेश यादव
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
  • अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर बोला हमला.
  • कहा लगता है कि अब उनका हर निशाना चूकने वाला है.
  • अब हमको 2019 की तैयारी करनी है और 2022 की भी.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अपने ताजा बयान में  प्रदेश की योगी सरकार पर अपना निशाना साधा है. समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गुरुवार को कहा कि योगी आदित्यनाथ सरकार सिर्फ बातों में विकास कर रही है. प्रदेश सरकार उनके (सपा) द्वारा कराए गए कार्यो को अपना बताने में जुटी है. अखिलेश ने यह भी कहा कि अब सपा के पास खोने को कुछ नहीं है, समाजवादी पार्टी को अब तो सिर्फ पाना ही पाना है. डॉ. राममनोहर लोहिया की 50वीं पुण्यतिथि के अवसर पर गुरुवार को लोहिया ट्रस्ट में उनकी प्रतिमा को माल्यार्पित करने के बाद पार्टी मुख्यालय पर पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश ने योगी सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा, 'योगी सरकार सिर्फ बातों में विकास कर रही है.

हमारे समय के कामों को अपना बता रही है. इतना ही नहीं, अब तो यहां जो भी उद्घाटन हो रहा है, उसमें से हमारे नाम का शिलापट भी हटाया जा रहा है.' उन्होंने कहा, 'भाजपा के लोग छोटे दिल के लोग हैं. हमने लोहिया ग्रामीण बसें दी थीं. इन लोगों ने उसका रंग ही बदल दिया. हमारे समय की बसों में रंग पुता लिया.' अयोध्या में रामायण सर्किट में शिलापट लगाने को लेकर हुए विवाद पर उन्होंने कहा कि भाजपा अगर हमारे पत्थर हटाएगी तो हम सरकार हटा देंगे.

यह भी पढ़ें : नोटबंदी के बाद बची खुची कसर जीएसटी ने पूरी कर दी : अखिलेश यादव

प्रदेश की कानून व्यवस्था पर उन्होंने कहा, 'अब तो मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद ही स्वीकार कर रहे हैं कि उत्तर प्रदेश की पुलिस भ्रष्टाचार कर रही है. इस सरकार के कार्यकाल में अन्याय बढ़ा है. सरकार ने एंटी रोमियो दल बनाया. इसके बाद जब लोग पकड़े गए तो वह भाजपा के ही कार्यकर्ता थे. इसके बाद एंटी रोमियो दल को भंग कर दिया गया.'

VIDEO : अखिलेश यादव 5 साल के लिए सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने गए


अखिलेश ने कहा, 'वहां पर उनका तीर निशाने पर नहीं गया, वहीं गिर गया. लगता है कि अब उनका हर निशाना चूकने वाला है. जो आंखों को देखने पर अच्छा लगे वो ही सही मायने में विकास है. अब हमको 2019 की तैयारी करनी है और 2022 की भी. अब हमारे पास खोने को कुछ नहीं है, सपा को अब तो सिर्फ पाना ही पाना है.'

(इनपुट आईएएनएस से)
 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com