विज्ञापन

UP SIR: कहीं लाखों नाम कटे, कहीं रिकॉर्ड बढ़ोतरी… कानपुर में बंपर छंटनी, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 3.29 लाख नए वोटर जुड़े

उत्तर प्रदेश में हुई एसआईआर की प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी गई है. यूपी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने फाइनल वोटर लिस्ट जारी की. फाइनल वोटर लिस्ट में ड्राफ्ट लिस्ट से 84 लाख वोटर ज्यादा बढ़े हैं.

UP SIR: कहीं लाखों नाम कटे, कहीं रिकॉर्ड बढ़ोतरी… कानपुर में बंपर छंटनी, प्रयागराज में सबसे ज्यादा 3.29 लाख नए वोटर जुड़े
  • UP में SIR 2026 के बाद मतदाता सूचियों में कानपुर, सीतापुर और बाराबंकी में बड़ी संख्या में नाम हटाए गए हैं.
  • कानपुर नगर में कुल मतदाता संख्या में लगभग 19.42 प्रतिशत गिरावट हुई, जहां 6.87 लाख नाम हटाए गए हैं.
  • बाराबंकी में मतदाताओं की संख्या घटकर 20.73 लाख हुई, जबकि 1.14 लाख नए मतदाता भी जुड़े हैं.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
लखनऊ:

उत्तर प्रदेश में SIR 2026 के बाद जारी अंतिम मतदाता सूचियों ने चुनावी तस्वीर बदल दी है. कई जिलों में बड़ी संख्या में नाम हटे हैं, तो कुछ जगह नए मतदाताओं की मजबूत एंट्री हुई है. कानपुर, सीतापुर और बाराबंकी में बड़े पैमाने पर नाम कटे, जबकि प्रयागराज में मतदाताओं की संख्या में भारी इजाफा दर्ज हुआ है.

कानपुर: 6.87 लाख नाम कटे, 19.42% की गिरावट

कानपुर नगर में अंतिम मतदाता सूची जारी होने के बाद बड़ा बदलाव देखने को मिला है. जिले में कुल 6,87,201 मतदाताओं के नाम हटाए गए हैं, जो 2024 के मुकाबले करीब 19.42 फीसदी की कमी है.
अब जिले में कुल 28,51,060 मतदाता हैं, जिनमें 

  • पुरुष: 15,35,294
  • महिला: 13,15,656
  • थर्ड जेंडर: 110

ड्राफ्ट प्रकाशन के बाद 2.14 लाख नए वोटर जुड़े हैं. सबसे ज्यादा नाम कल्याणपुर, कानपुर कैंट और महाराजपुर में कटे, जबकि बिठूर और घाटमपुर में सबसे कम छंटनी हुई. 18-19 आयु वर्ग के 38,053 युवा वोटर पहली बार सूची में जुड़े हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

यह भी पढ़ें- यूपी SIR लिस्ट जारी, फाइनल लिस्ट में भी नहीं है नाम, तो ये फॉर्म भरकर जुड़वाएं नाम

बाराबंकी: 1.14 लाख नए वोटर जुड़े, 2.58 लाख नाम हटे

बाराबंकी में SIR के बाद 1.14 लाख नए मतदाता जुड़े. 2,58,297 नाम हटाए गए. यानी कुल मतदाता अब 20,73,352 हो गए हैं. जिले की छह विधानसभा सीटों में सबसे ज्यादा कटौती बाराबंकी सदर में हुई, जहां 68,712 नाम हटे. जिले में:

  • पुरुष: 11,27,144
  • महिला: 9,46,163
  • युवा मतदाता: 25,699

सीतापुर: 4.17 लाख वोटर सूची से बाहर

सीतापुर में 166 दिन चले अभियान के बाद पहले कुल मतदाता 31 लाख 55 हजार 372 थे. अब कुल मतदाता 27 लाख 37,476 रह गए. यानी कुल 4 लाख 17 हजार 896 नाम कटे हैं. 

सबसे ज्यादा नाम इन सीटों से कटे हैं. 

  • सीतापुर सदर: 89,913
  • मिश्रिख: 58,316
  • सबसे कम:
  • सेवता: 23,349

प्रशासन के मुताबिक, मृतक, डुप्लीकेट, स्थायी रूप से शिफ्ट हो चुके और अपूर्ण दस्तावेज वाले मतदाताओं के नाम हटाए गए.

यह भी पढ़ें- यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट में 84 लाख वोटर बढ़े, जानें किन जिलों में सबसे ज्यादा मतदाता बढ़े

प्रयागराज: 3.29 लाख नए वोटर जुड़े, 8.26 लाख नाम कटे

प्रयागराज में इस बार सबसे दिलचस्प तस्वीर सामने आई. जनवरी 2026 में जिले में कुल 35,36,555 मतदाता थे, जो अंतिम प्रकाशन तक बढ़कर 38,65,975 हो गए. यानी 3 लाख 29 हजार 420 नए मतदाता जुड़े. हालांकि, पुनरीक्षण के दौरान पुराने रिकॉर्ड के मुताबिक कुल 46.92 लाख मतदाता थे. अंतिम सूची से पहले 8,26,025 नाम हटाए गए. फिर नए पंजीकरण के बाद अंतिम संख्या 38.65 लाख पहुंची. प्रयागराज में:

  • पुरुष: 21,19,258
  • महिला: 17,46,389
  • थर्ड जेंडर: 328
  • 18-19 आयु वर्ग: 49,119
  • 85+ मतदाता: 15,360
  • दिव्यांग मतदाता: 32,546

जिले का जेंडर रेशियो 804 से बढ़कर 824 हुआ है. इसके अलावा इलेक्टर पॉपुलेशन रेशियो 47.49 से बढ़कर 51.91 दर्ज किया गया है. 

क्या है वाराणसी का हाल

वाराणसी जिले की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को कर दिया गया है. यह सूची 6 जनवरी 2026 को प्रकाशित आलेख और अंतिम प्रकाशन के बीच हुए सभी परिवर्तनों को दर्शाती है. जिले की आठ विधानसभा सीटों में इस अवधि के दौरान मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई है.

वाराणसी जिले में 6 जनवरी 2026 को कुल 25 लाख 80 हजार 502 मतदाता थे. पुनरीक्षण अवधि में 1 लाख 94 हजार 239 मतदाता जोड़े गए, जबकि 44 हजार 138 मतदाताओं के नाम हटाए गए. अंतिम प्रकाशित सूची के अनुसार जिले में कुल 27 लाख 30 हजार 603 मतदाता दर्ज किए गए हैं.

देवरिया 

देवरिया जिले में SIR अभियान के बाद जारी नई मतदाता सूची में बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. जिले में कुल मतदाताओं की संख्या 1 लाख 25 हजार 961 बढ़ गई है. नई सूची के अनुसार अब देवरिया में कुल 21 लाख 20 हजार 171 मतदाता हो गए हैं, जबकि पहले यह संख्या 19 लाख 94 हजार 210 थी.

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने जानकारी दी कि नई मतदाता सूची में 11 लाख 55 हजार 503 पुरुष, 9 लाख 64 हजार 621 महिला और 47 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं. विधानसभा क्षेत्रों की बात करें तो रामपुर कारखाना में सबसे अधिक 3 लाख 22 हजार 480 मतदाता हैं, जबकि बरहज विधानसभा क्षेत्र में सबसे कम 2 लाख 87 हजार 854 मतदाता दर्ज किए गए हैं.

बदायूं 

बदायूं जिले में भी मतदाता सूची के आंकड़ों में अहम बदलाव सामने आया है. 27 अक्टूबर 2025 को जिले में कुल 24 लाख 18 हजार 408 मतदाता थे. यह संख्या 6 जनवरी 2026 को जारी ड्राफ्ट सूची में घटकर 19 लाख 25 हजार 413 रह गई. हालांकि, 10 अप्रैल 2026 को हुए अंतिम प्रकाशन में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 20 लाख 28 हजार 328 हो गई है.

अंतिम सूची के अनुसार जिले में 11 लाख 23 हजार 969 पुरुष, 9 लाख 04 हजार 293 महिला और 66 थर्ड जेंडर मतदाता दर्ज हैं. इसके बावजूद, 27 अक्टूबर 2025 के आंकड़ों के मुकाबले जिले में कुल 3 लाख 90 हजार 080 मतदाता कम हो गए हैं.

चुनावी असर क्या?

UP में SIR-2026 ने साफ कर दिया है कि मतदाता सूचियों की शुद्धि का असर सीधे चुनावी समीकरणों पर पड़ेगा. जहां कानपुर और सीतापुर जैसे जिलों में लाखों नाम कटने से राजनीतिक दलों की रणनीति बदल सकती है, वहीं प्रयागराज में नए वोटरों की बड़ी संख्या आने वाले विधानसभा चुनाव में नई भूमिका निभा सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com