विज्ञापन
This Article is From Jan 02, 2019

बहुमत के अहंकार में डूबी बीजेपी अपने सभी फैसलों को सही मान रही : मायावती

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने कहा- बीजेपी का अहंकार लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद ही जाएगा

बहुमत के अहंकार में डूबी बीजेपी अपने सभी फैसलों को सही मान रही : मायावती
बीएसपी प्रमुख मायावती (फाइल फोटो).
  • मायावती ने पीएम मोदी के नए साल पर साक्षात्कार पर दी प्रतिक्रिया
  • कहा- सरकार की गलत नीतियों व अहंकारी रवैये से देश का भला नहीं होने वाला
  • एनडीए के घटक दल बीजेपी के संकीर्ण व अहंकारी रवैये के कारण दुखी
लखनऊ:

बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती ने कहा है कि बीजेपी को बहुमत का अहंकार है और वह अपने हर फैसले को उचित मान रही है. बीजेपी का अहंकार लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद ही जाएगा.

केंद्र की एनडीए सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए बसपा प्रमुख मायावती ने बुधवार को कहा कि इस प्रकार की गलत नीतियों व अहंकारी रवैये से देश का न तो अब तक कुछ भला हुआ है और न ही आगे कुछ भला होने वाला है.

पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा नए साल में दिए गए पहले साक्षात्कार में कही गई बातों पर प्रतिक्रिया देते हुए मायावती ने एक बयान में कहा ''भाजपा अभी भी यही मानकर चल रही है कि उसका बहुमत का अहंकार उचित व हर प्रकार से सही है तथा उसके द्वारा लिए गए हर फैसले पर लोग खुश हैं व तालियां बजा रहे हैं. उसे लग रहा है कि मध्यप्रदेश और राजस्थान में भाजपा की सरकार चली गई है तो क्या हुआ, वोट प्रतिशत के मामले में भाजपा वास्तव में कांग्रेस के लगभग बराबर ही रही है.''

यह भी पढ़ें : लोकसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे से पहले मायावती की शर्त पर कांग्रेस ने दी यह सफाई

मायावती ने कहा कि बीजेपी के शीर्ष नेतृत्व की इस प्रकार की हठीली व जनविरोधी सोच यह साबित करती है कि उसका अहंकार अभी भी कायम है जो लोकसभा चुनाव में करारी हार के बाद ही जाएगा. बसपा प्रमुख ने कहा ''राजग से धीरे-धीरे करके सारे प्रमुख घटक दलों के अलग हो जाने के बाद, शेष रह गए दल इनके संकीर्ण व अहंकारी रवैये से दुःखी हैं.''    

VIDEO : मायावती ने समर्थन जारी रखने के लिए कांग्रेस के सामने रखी शर्त

मायावती ने कहा कि घोर चुनावी वादाखिलाफी जैसे कालाधन की वापसी व उसका गरीबों में 15 से 20 लाख रुपये का वितरण, गरीबी, महंगाई, बेरोजगारी की ज्वलंत समस्या के साथ-साथ भीड़ हिंसा, अयोध्या व गौरक्षा आदि मामलों में बीजेपी का संकीर्ण व गलत रवैया अभी भी नहीं बदला है.
(इनपुट भाषा से)

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Mayawati
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com