विज्ञापन

रात में बेडरूम में गिरे, सिर पर लगी चोट...प्रतीक यादव के निधन पर जिम पार्टनर का बड़ा बयान

प्रतीक यादव के निधन को लेकर उनके जिम पार्टनर ने दावा किया है कि देर रात वह बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर पर चोट लगी। बताया गया कि लंबे समय से उनका इलाज चल रहा था और सुबह 4–5 बजे उनके निधन की सूचना मिली.

रात में बेडरूम में गिरे, सिर पर लगी चोट...प्रतीक यादव के निधन पर जिम पार्टनर का बड़ा बयान
मुलायम के बेटे प्रतीक का 38 साल की उम्र में निधन
  • प्रतीक यादव की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है, लेकिन वे देर रात बेडरूम में गिरने से घायल हुए थे
  • प्रतीक यादव का लंबे समय से इलाज चल रहा था, और रात में उनकी तबीयत अचानक और खराब हो गई थी
  • उनके जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय के अनुसार प्रतीक यादव की चोट सिर पर लगी थी और सुबह निधन हुआ

उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है. इसी बीच, प्रतीक यादव के जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बड़ा दावा किया है. उन्होंने बताया कि प्रतीक यादव देर रात बेडरूम में गिर गए थे, जिससे सिर पर चोट लगी. सुबह लगभग 4-5 बजे उनके निधन की सूचना मिली थी.

घर पहुंचने पर उनकी तबीयत और भी बिगड़ी...प्रतीक के जिम पार्टनर

जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने आईएएनएस को बताया कि प्रतीक यादव की मौत की खबर सुनने के बाद वह भी सिविल अस्पताल गए थे. उन्होंने कहा, "जिम से ही प्रतीक के साथ पहचान हुई. वे छोटे-बड़े सभी का सम्मान करते थे. उनका स्वभाव बहुत अच्छा था." उन्होंने बताया कि प्रतीक का काफी समय से इलाज चल रहा था. रात में तबीयत ज्यादा खराब हुई थी, जिसके बाद वे देर रात लगभग 11-12 बजे लखनऊ सिविल अस्पताल में आए थे. फिर वापस चले गए थे. घर पहुंचने पर उनकी तबीयत और भी बिगड़ी थी. स्वप्नेश पांडेय ने कहा, "मुझे यह सुनने में आया कि वे (प्रतीक यादव) अपने बेडरूम में गिर गए थे. इसके कारण सिर में चोट लग गई थी."

ये भी पढ़ें : प्रतीक यादव का आखिरी वीडियो पोस्‍ट, दिख रहे थे रोमांच और जुनून से भरे

प्रतीक का लंबे वक्त से चल रहा था इलाज

स्वप्नेश पांडेय ने कहा कि सुबह करीब 4-5 बजे प्रतीक के निधन के बारे में पता चला. उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा, "भाई (प्रतीक यादव) का लंबे समय से इलाज चल रहा था. जहां तक पता चला कि रात में पैर फिसलने से वे बेडरूम में गिरे और सिर पर चोट लगी." वहीं, अपर्णा यादव के भाई मुकेश सिंह ने कहा, "मुझे सुबह सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली. चूंकि अपर्णा उस समय यहां मौजूद नहीं थी और वे बाहर थीं, इसलिए मुझे यह खबर सोशल मीडिया से ही मिली. तब तक उनका निधन हो चुका था. यह मेरे लिए एक बहुत ही दुखद घटना है. दुख की घड़ी में हम परिवार के साथ हैं. प्रतीक का पोस्टमार्टम हो चुका है, यहां से पार्थिव शरीर को लेकर घर के लिए निकलेंगे."

उन्होंने कहा कि प्रतीक थोड़े बीमार थे. पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी. मुकेश सिंह ने बताया कि प्रतीक की तबीयत बिगड़ने पर घर में मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे.

ये भी पढ़ें : पशु प्रेमी प्रतीक यादव जीव आश्रय NGO चलाते थे, आवारा कुत्तों को लेकर भी उठाई थी आवाज


 

(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prateek Yadav Death, Gym Partner Statement, Bedroom Fall Claim, Head Injury Cause, Lucknow Civil Hospital
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com