विज्ञापन

पशु प्रेमी प्रतीक यादव जीव आश्रय NGO चलाते थे, आवारा कुत्तों को लेकर भी उठाई थी आवाज

Prateek Yadav Death: मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया. सियासत से दूर रहने वाले प्रतीक अपनी फिटनेस और खासतौर पर पशु प्रेम के लिए जाने जाते थे. ‘जीव आश्रय’ के जरिए वह बेसहारा जानवरों के इलाज, देखभाल और रेस्क्यू से जुड़े थे.

पशु प्रेमी प्रतीक यादव जीव आश्रय NGO चलाते थे, आवारा कुत्तों को लेकर भी उठाई थी आवाज
प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन
  • सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे प्रतीक यादव का 38 वर्ष की उम्र में लखनऊ के सिविल अस्पताल में निधन हो गया
  • प्रतीक यादव फेफड़ों की बीमारी और ब्लड क्लॉट के इलाज में थे, उनकी मौत की वजह पोस्टमार्टम से पता लगाई जा रही है
  • उन्होंने जानवरों के प्रति गहरा प्रेम दिखाया और ‘जीव आश्रय’ नाम की संस्था के माध्यम से पशु सेवा का काम किया

Prateek Yadav Dies:सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का 38 साल की उम्र में निधन हो गया. लखनऊ के सिविल अस्पताल में उन्हें सुबह मृत घोषित किया गया. उनकी मौत की वजह अभी तक साफ नहीं हो सकी है और पोस्टमार्टम से सही कारण का पता लगाया जा रहा है. लेकिन एक कद्दावर राजनीतिक परिवार में जन्म लेने के बावजूद प्रतीक की पहचान सिर्फ इसी तक सीमित नहीं थी. वह जानवरों से लगाव रखने वाले, उनकी देखभाल के लिए सक्रिय रहने वाले एक संवेदनशील इंसान के रूप में भी पहचाने जाते थे.

पशु प्रेम के लिए समर्पित जीवन

प्रतीक यादव एनिमल वेलफेयर को लेकर सक्रिय थे. उन्होंने ‘जीव आश्रय' नाम की एक संस्था चला रखी थी, जो जानवरों के इलाज, देखभाल, भोजन और रेस्क्यू का काम करती थी. उन्होंने स्ट्रे डॉग्स के लिए भी आवाज उठाई थी. जिससे पता चलता है कि व्यस्त जीवन और बड़े राजनीतिक परिवार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने बेजुबान जानवरों के लिए समय निकाला और उनकी देखभाल की. सोशल मीडिया पर भी अक्सर बंदरों और अन्य जानवरों के साथ उनकी तस्वीरें सामने आती थीं, जो बताती है कि वो जानवरों का भी खास ख्याल रखते थे.

अचानक तबीयत बिगड़ी, बचाया नहीं जा सका

पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक, तबीयत खराब होने पर उन्हें सुबह अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. बताया गया कि वह कुछ समय पहले भी बीमार हुए थे और अस्पताल में भर्ती रहकर ठीक होने के बाद घर लौट आए थे. वह लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी समस्या और ब्लड क्लॉट का इलाज ले रहे थे.

ये भी पढ़ें : जिम लवर, महंगी गाड़ियों का शौक... अखिलेश यादव के सौतेले भाई प्रतीक यादव की मौत, जानें परिवार में कौन-कौन?

प्रभावशाली परिवार, लेकिन सियासत से दूरी

प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव और उनकी दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे थे. उनकी पत्नी भारतीय जनता पार्टी की नेता हैं. राजनीति से जुड़े इतने बड़े परिवार में होने के बावजूद उन्होंने सीधे तौर पर सियासत से दूरी बनाए रखी. प्रतीक यादव फिटनेस के प्रति बेहद जागरूक थे. वह सोशल मीडिया पर अक्सर अपने जिम रूटीन से जुड़े पोस्ट साझा करते थे. उन्होंने इंग्लैंड के लीड्स यूनिवर्सिटी से MBA किया था. लखनऊ में ‘द फिटनेस प्लैनेट' नाम का जिम चलाते थे और वो रियल एस्टेट और फिटनेस से जुड़े बिजनेस में सक्रिय थे. सितंबर 2012 में उन्हें एक इंटरनेशनल बॉडीबिल्डिंग वेबसाइट पर “इंटरनेशनल ट्रांसफॉर्मेशन ऑफ द मंथ” के तौर पर भी फीचर किया गया था.

पारिवारिक जीवन

प्रतीक ने साल 2011 में अपर्णा बिष्ट से शादी की थी. आठ साल के रिलेशनशिप के बाद यह शादी हुई थी. इसी साल जनवरी में दोनों के तलाक की चर्चाएं सामने आई थीं, हालांकि बाद में रिश्तों की कड़वाहट दूर होने की बात कही गई. प्रतीक का जीवन सिर्फ एक राजनीतिक परिवार के सदस्य के रूप में नहीं, बल्कि एक फिटनेस प्रेमी, समाजसेवी और खासतौर पर पशु प्रेमी के रूप में याद किया जाएगा। उनका ‘जीव आश्रय' जैसी पहल और जानवरों के साथ उनका लगाव यह दिखाता है कि उन्होंने बेजुबान के लिए भी उतनी ही संवेदना रखी, जितनी इंसानों के लिए.

ये भी पढ़ें : अखिलेश से प्रतीक यादव का कैसा था रिश्ता, राजनीति से दूरी लेकिन भाई का हमेशा किया सम्मान
 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Prateek Yadav Death, Prateek Yadav Animal Lover, Mulayam Singh Yadav Son Death, Jeev Aashray NGO, Aparna Yadav Husband
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com