उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के सरकारी स्कूल में दलित छात्रों को अलग बैठकार भोजन कराने पर राज्य सरकार से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने सख्त काूननी कार्रवाई की मांग की है. मायावती ने गुरुवार को ट्वीट कर कहा, "यूपी के बलिया जिले के सरकारी स्कूल में दलित छात्रों को अलग बैठाकर भोजन कराने की खबर अति-दु:खद व अति-निंदनीय." उन्होंने कहा, "बसपा की मांग है कि ऐसे घिनौने जातिवादी भेदभाव के दोषियों के खिलाफ राज्य सरकार तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई करे, ताकि दूसरों को इससे सबक मिले व इसकी पुनरावृति न हो."
यूपी के बलिया जिले के सरकारी स्कूल में दलित छात्रों को अलग बैठाकर भोजन कराने की खबर अति-दुःखद व अति-निन्दनीय। बीएसपी की माँग है कि ऐसे घिनौने जातिवादी भेदभाव के दोषियों के खिलाफ राज्य सरकार तुरन्त सख्त कानूनी कार्रवाई करे ताकि दूसरों को इससे सबक मिले व इसकी पुनरावृति न हो।
— Mayawati (@Mayawati) August 29, 2019
गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में मिड डे मील के दौरान बच्चों को नमक-रोटी परोसने के मामले के बाद, बलिया में कुछ बच्चों को पत्तल पर भोजन देने की बात सामने आई थी. इन बातों को लेकर हो रहे हंगामे के बीच अब बलिया में ही कुछ बच्चों के अलग बैठकर घर से लाई गई थालियों में मिड डे मील खाने का मामला सामने आया है. स्कूल के कुछ बच्चे अपने घरों से थालियां ला रहे हैं और एससी-एसटी बच्चों से अलग बैठकर मिड डे मील खा रहे हैं.
यूपी के मंत्री बोले- मायावती बिजली का नंगा तार हैं, जो छुएगा, मर जाएगा
बलिया के रामपुर प्राइमरी स्कूल में कुछ बच्चे छुआछूत की वजह से अलग थालियों में खाना खा रहे हैं. इस मामले में स्कूल के प्रधानाचार्य पी गुप्ता ने कहा, "हम बच्चों को बहुत समझाते हैं कि सभी लोग एक साथ बैठकर ही भोजन करें. लेकिन हमारे हटते ही बच्चे अलग-अलग हो जाते हैं. हम छात्रों को समझाने का प्रयास कर रहें हैं."
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं