विज्ञापन

ये कैसा बेटा! गेम में 70 हजार हारा तो NEET के छात्र ने रची खुद के अपहरण की साजिश, मां-बाप से मांगी 5 लाख फिरौती

ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज से बचने के लिए लखनऊ के 17 साल के NEET छात्र ने खुद के अपहरण और मौत का झूठा नाटक रच डाला. इसके बाद उसने परिवार से 5 लाख की फिरौती मांगी.

ये कैसा बेटा! गेम में 70 हजार हारा तो NEET के छात्र ने रची खुद के अपहरण की साजिश, मां-बाप से मांगी 5 लाख फिरौती
गेमिंग में पैसा हारने पर छात्र ने 'खुद के खिलाफ' रची साजिश.
NDTV
लखनऊ:

ऑनलाइन गेमिंग की लत और कर्ज चुकाने के लिए 17 साल के एक NEET अभ्यर्थी ने खुद के ही अपहरण और मौत का झूठा नाटक रच दिया. बेटे की सलामती के लिए परेशान परिवार को जब पांच लाख रुपये की फिरौती का संदेश मिला, तो घर में कोहराम मच गया. पिता ने तीन लाख रुपये जुटाने की तैयारी भी कर ली. हालांकि, पुलिस की जांच में पूरी साजिश का खुलासा हो गया. जिस बेटे को परिवार अगवा या मृत समझ रहा था, वह अपनी महिला मित्र के साथ सही सलामत पाया गया.

क्या है पूरा मामला?

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में 20 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे के बाद NEET की तैयारी कर रहा किशोर अचानक लापता हो गया. उसकी मां ने पारा थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. किशोर के पिता दिल्ली की एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं. परिवार को लगा कि उनका बेटा किसी मुसीबत में फंस गया है.

पुलिस के मुताबिक, घर से निकलने के बाद किशोर ने अपने मोबाइल से सिम कार्ड निकाल दिया. इसके बाद वाई-फाई के जरिए व्हाट्सऐप पर अपनी मां, पिता और चाचा को अपहरण का मैसेज भेजा. कुछ वक्त बाद उसने आवाज बदलकर वॉइस नोट भेजा और पांच लाख रुपये की फिरौती मांगी. इसके बाद परिवार को अपनी मौत की झूठी सूचना देकर उसने उनकी चिंता और बढ़ा दी.

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सर्विलांस और अन्य माध्यमों से किशोर की तलाश शुरू की. जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अपहरण और मौत की कहानी के पीछे खुद किशोर का हाथ है. पुलिस ने उसे उसकी महिला मित्र के साथ सकुशल बरामद कर लिया. इसके बाद परिवार को पूरे मामले की जानकारी दी गई.

डीसीपी जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, किशोर को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी. वह पहले गेमिंग में करीब 70 हजार रुपये गंवा चुका था, जिसकी भरपाई परिवार ने की थी. इसके बाद भी उसने गेम खेलना जारी रखा और बाहरी लोगों से उधार लेकर करीब 50 हजार रुपये और हार गया. परिवार ने बार-बार पैसे मांगने पर रुपये देना बंद कर दिया था, जिसके बाद कर्ज चुकाने के लिए किशोर ने खुद के अपहरण की झूठी साजिश रच डाली.

फिलहाल, किशोर को बरामद करने के बाद पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

यह भी पढ़ें | NEET PG Round 1 Result जारी, काउंसलिंग और रिपोर्टिंग के नियमों में हुए 6 बड़े बदलाव, देखें नया शेड्यूल

यह भी पढ़ें | NEET के लिए मारामारी के बावजूद MBBS की 800 से ज्यादा सीटें खाली, जान लीजिए वजह

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Lucknow, Uttar Pradesh, NEET Student, Kidnapping, Online Gaming
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com