- मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन 1 नवंबर से शुरू हो सकती है.
- सांसद पीसी मोहन ने वंदे भारत के संचालन के संकेत दिए हैं.
- वंदे भारत से मुंबई-बेंगलुरु के बीच का सफर 16 घंटे का हो जाएगा.
देश के दो प्रमुख महानगरों आर्थिक राजधानी मुंबई और सिलिकॉन वैली बेंगलुरु के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. मीडिया रिपोर्ट्स और सांसद पीसी मोहन के संकेतों के अनुसार, मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संचालन 1 नवंबर से शुरु हो सकता है. 1 नवंबर को कर्नाटक राज्योत्सव के अवसर पर ट्रेन के संचालित होने की संभावना है. पीसी मोहन ने अपने सोशल मीडिया एक्स पर इस बारे में जानकारी देते हुए पीएम मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताया है.

24 घंटे का सफर केवल 16 घंटे में
वर्तमान में मुंबई और बेंगलुरु के बीच चलने वाली अधिकांश सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेनों को करीब 20 से 24 घंटे का समय लगता है. लेकिन इस नई वंदे भारत स्लीपर ट्रेन से यह यात्रा केवल 15 से 16 घंटे के आसपास रह जाने की उम्मीद है. यह ट्रेन विशेष रूप से ओवरनाइट यात्रा के लिए डिजाइन की गई है, जिससे यात्रियों को राजधानी एक्सप्रेस जैसी तेज गति और आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी.

संभावित रूट और ठहराव
यह ट्रेन मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और बेंगलुरु के केएसआर बेंगलुरु (KSR Bengaluru) स्टेशन के बीच चलाई जाएगी. इस रूट पर ट्रेन के प्रमुख व्यावसायिक और तकनीकी ठहराव संभावित हैं. इसमें अनंतपुर, गुंतकल, रायचूर, कलबुर्गी, सोलापुर, पुणे और कल्याण का नाम स्टॉपेज के रूप में हो सकता है. रिपोर्ट के मुताबिक, यह ट्रेन हफ्ते में 6 दिन चलाने की बात है. इसमें 16 कोच होंगे.
मुंबई-बेंगलुरु वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को लेकर रेलवे बोर्ड की आधिकारिक अधिसूचना अभी आनी बाकी है. ट्रेन नंबर, टाइमटेबल, किराये की भी जानकारी नहीं दी गई है.
इस ट्रेन के शुरू होने से न केवल दोनों शहरों के बीच की दूरी कम महसूस होगी, बल्कि यह फ्लाइट और लग्जरी बसों की टक्कर में एक बेहतरीन और आरामदायक विकल्प साबित होगी. रेलवे प्रशासन द्वारा जल्द ही इसकी आधिकारिक समय-सारणी और किराए की पूरी सूची जारी किए जाने की उम्मीद है.
यह भी पढ़ें | दिल्ली-पटना वंदे भारत ट्रेन का विस्तार, साढ़े 11 घंटे का सफर, यूपी-बिहार वालों को दिवाली-छठ में मिलेगा टिकट
यह भी पढ़ें | वंदे भारत में पहली बार विदेशी यूटयूबर ने किया सफर, बोला- एग्जीक्यूटिव क्लास का ये फीचर दिल ले गया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं