विज्ञापन

जुर्माना लगाने और वसूलने के लिए MCD बनाएगा डिजिटल सिस्टम, 311 ऐप के साथ बन सकता है नया डिजिटल पोर्टल

MCD Digital Challan System: MCD जन विश्वास कानून 2026 के तहत जुर्माना लगाने और वसूलने के लिए 311 ऐप और नया पोर्टल बनाकर पूरे सिस्टम को डिजिटल करने जा रहा है. अब ट्रैफिक पुलिस की तरह मौके पर ही फोटो-वीडियो सबूत के साथ डिजिटल चालान कटेगा.

जुर्माना लगाने और वसूलने के लिए MCD बनाएगा डिजिटल सिस्टम, 311 ऐप के साथ बन सकता है नया डिजिटल पोर्टल
बहुत जल्द आपके फोन में मौजूद MCD 311 ऐप बिल्कुल नए अवतार में दिखने लगेगा.
फाइल फोटो

MCD Digital Challan System: दिल्ली नगर निगम (MCD) अब शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने के लिए एक बड़ा कदम उठाने जा रही है. अब तक अगर कोई नियम टूटता था, तो कागजी कार्रवाई और दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ते थे. लेकिन अब ऐसा नहीं होगा. एमसीडी जन विश्वास कानून 2026 के तहत जुर्माना लगाने और उसे वसूलने की पूरी प्रक्रिया को पूरी तरह डिजिटल बनाने जा रही है. इसके लिए MCD के पॉपुलर '311 ऐप' को अपडेट किया जाएगा और एक नया ऑनलाइन पोर्टल भी तैयार होगा. जानिए इससे आपकी लाइफ पर क्या असर पड़ेगा.

MCD का नया डिजिटल चालान वाला प्लान क्या है

जिस तरह ट्रैफिक पुलिस नियम तोड़ते ही कैमरे या फोन से ऑनलाइन चालान काट देती है, ठीक वैसे ही अब MCD भी करेगी. MCD के अधिकारी फील्ड में चेकिंग के दौरान जहां भी गड़बड़ी देखेंगे, वहीं अपने मोबाइल से सबूत (फोटो या वीडियो) अपलोड करेंगे और तुरंत डिजिटल चालान जेनरेट कर देंगे. नोटिस भेजने से लेकर, चालान काटने और पैसे जमा करने तक का सारा काम पूरी तरह पेपरलेस होगा. नया नियम 15 मई से नोटिफाई हो चुका है और इस पर तेजी से काम चल रहा है. बहुत जल्द आपके फोन में मौजूद MCD 311 ऐप बिल्कुल नए अवतार में दिखने लगेगा.

क्या जुर्माने के साथ जेल भी होगी

नए नियम के तहत कई छोटे-मोटे निगम अपराधों को क्रिमिनल लिस्ट से हटा दिया गया है. यानी अब कोर्ट-कचहरी और जेल का चक्कर नहीं होगा, बल्कि सिर्फ आर्थिक जुर्माना (Civil Penalty) लगेगा. अगर आप अपने पालतू कुत्ते को बिना पट्टे (Leash) के पब्लिक प्लेस में घुमाते हैं, गंदगी फैलाते हैं या बिना लाइसेंस फैक्ट्री या दुकान चलाते हैं, तो अब बचना मुश्किल होगा. डिजिटल सबूत के साथ तुरंत एक्शन होगा.

आप पर कितना असर डालेगा नया नियम

1. पब्लिक प्लेस पर लापरवाही (Public Violations)

पहले सार्वजनिक जगहों पर लापरवाही करने पर 50 रुपए जैसे मामूली जुर्माने होते थे, जिससे लोग नियमों की परवाह नहीं करते थे. अब लापरवाही करने पर जुर्माना काफी बड़ा होगा. इसके अलावा, अधिकारी मौके पर ही डिजिटल चालान काट देंगे.

2. चालान न भरने पर क्या होगा (Non-Payment of Penalty)

पहले अगर कोई चालान नहीं भरता था, तो वह मामला सालों-साल पेंडिंग पड़ा रहता था. अब नए सिस्टम में चालान न भरने पर सख्ती की जाएगी. जुर्माना राशि को आपके टैक्स (Arrears of Tax) में जोड़ दिया जाएगा या फिर आपकी प्रॉपर्टी तक अटैच (जब्त) की जा सकती है।

3. अपील कहां कर सकेंगे (Appellate Facility)

पहले अगर आपको कोई शिकायत दर्ज करानी होती थी, तो उसका कोई साफ और आसान तरीका मौजूद नहीं था. अब नए सिस्टम में लोगों की सुविधा के लिए ऑनलाइन प्रोसेस शुरू किया गया है. अगर आपको लगता है कि चालान गलत काटा गया है, तो आप उसके खिलाफ 30 दिनों के अंदर सीनियर अधिकारियों (Appellate Authority) के पास ऑनलाइन अपील कर सकते हैं.

पुराने सिस्टम से बेहतर क्यों है यह नया पोर्टल

1. पहले MCD के पास स्टाफ की कमी थी और सारा काम कागजों पर होता था. 50 रुपए का चालान काटने के लिए कोई अधिकारी फील्ड में दौड़-भाग नहीं करना चाहता था.

2. नए सिस्टम में अधिकारियों को पूरी पावर दी गई है. हेल्थ, इंजीनियरिंग, विज्ञापन और फैक्टरी लाइसेंसिंग जैसे अलग-अलग विभागों के अफसरों को जुर्माना लगाने का पूरा अधिकार दे दिया गया है.

3. अगर आप जुर्माने के खिलाफ अपील करते हैं, तो बड़े अधिकारियों को 60 दिनों के भीतर उस मामले का निपटारा करना ही होगा. इससे आपका टाइम बचेगा.

4. सब कुछ ऑनलाइन होने से भ्रष्टाचार या 'ले-देकर' मामला रफा-दफा करने के चांस खत्म हो जाएंगे.

और पढ़ें - राजस्थान में बुजुर्गों के लिए खुला आस्था का द्वार, सरकार कराएगी मुफ्त तीर्थ यात्रा, ऐसे करें आवेदन

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com