Vaishali Express Revised Time Table: अगर आप दिवाली या छठ पर घर जाने का प्लान है और आपका टिकट वैशाली या सप्तक्रांति एक्सप्रेस में है, तो ये खबर आपके लिए बहुत जरूरी है. दरअसल, भारतीय रेलवे ने बिहार के मुजफ्फरपुर और आसपास के रूट से गुजरने वाली कई प्रमुख ट्रेनों के टाइमटेबल में थोड़ा बदलाव कर दिया है. इसके तहत मुजफ्फरपुर-आनंद विहार सप्त क्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस और ललित ग्राम-नई दिल्ली वैशाली एक्सप्रेस के यात्रियों को अब अपनी मंजिल तक पहुंचने में 5 से 15 मिनट ज्यादा वक्त लगेगा. हालांकि, स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस के यात्रियों को कुछ राहत मिली है.
दरअसल, भारतीय रेलवे ने परिचालन कारणों और टाइमटेबल पुनरीक्षण के तहत कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के अराइवल और डिपार्चर टाइम में बदलाव किया है. इसके तहत बिहार के मुजफ्फरपुर जंक्शन और उत्तर बिहार के अलग-अलग रूटों से होकर नई दिल्ली व आनंद विहार जाने वाले रेल यात्रियों के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है. इस बदलाव के चलते यात्रियों को अब दिल्ली पहुंचने के लिए थोड़ा अधिक समय खर्च करना होगा, हालांकि कुछ ट्रेनों के रूट में यात्रियों को सहूलियत भी दी गई है. आइए जानते हैं किस ट्रेन के समय में क्या फेरबदल हुआ है.
सप्तक्रांति और वैशाली एक्सप्रेस के समय में कितना हुआ बदलाव?
रेलवे की ओर से जारी नए आंकड़ों के मुताबिक मुजफ्फरपुर और आसपास के जिलों से दिल्ली की ओर जाने वाली इन दो प्रमुख ट्रेनों का समय बढ़ाया गया है.
सप्तक्रांति सुपरफास्ट एक्सप्रेस
मुजफ्फरपुर जंक्शन से आनंद विहार के बीच रोजाना दौड़ने वाली इस प्रतिष्ठित ट्रेन के यात्रियों को अब आनंद विहार पहुंचने में 5 मिनट अधिक समय लगेगा. मुजफ्फरपुर से आगामी 30 अक्टूबर से चलने वाली 12557 सप्तक्रांति एक्सप्रेस अब संशोधित समय के अनुसार आनंद विहार टर्मिनल सुबह 7:45 बजे पहुंचेगी, जबकि अभी यह सुबह 7:40 बजे पहुंचती है.
वैशाली एक्सप्रेस
ललित ग्राम से चलकर राघोपुर, सुपौल, सहरसा, बरौनी, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर और गोरखपुर होते हुए नई दिल्ली जाने वाली इस ट्रेन के यात्रियों को अब नई दिल्ली पहुंचने में 15 मिनट अधिक लगेंगे. ललित ग्राम से 28 अक्टूबर से चलने वाली 15565 वैशाली एक्सप्रेस गाजियाबाद से सुबह 6:00 बजे छूटकर नई दिल्ली सुबह 6:45 बजे पहुंचेगी, जबकि वर्तमान में यह गाड़ी गाजियाबाद से सुबह 5:45 बजे रवाना होकर 6:30 बजे पहुंचती है.
स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस के यात्रियों को राहत
सप्तक्रांति और वैशाली एक्सप्रेस के उलट जयनगर और नई दिल्ली के बीच चलने वाली स्वतंत्रता सेनानी सुपरफास्ट एक्सप्रेस (12562) के यात्रियों को कुछ राहत भी मिली है.
- नई दिल्ली से 23 दिसंबर से चलने वाली यह ट्रेन संशोधित समय अनुसार प्रयागराज जंक्शन से सुबह 5:35 बजे और ज्ञानपुर रोड से 7:00 बजे चलेगी.
- वर्तमान समय में यह ट्रेन प्रयागराज से 5:25 बजे और ज्ञानपुर रोड से 6:40 बजे रवाना होती है. इस बदलाव से यात्रियों के सफर के समय में सुधार देखने को मिलेगा.
यह भी पढ़ें- ताज एक्सप्रेस एक नवंबर से नई दिल्ली के बजाय हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलेंगी, देखें नया टाइमटेबल और रूट
यात्रा से पहले जरूर जांच लें नया शेड्यूल
रेलवे के इन बदलावों को देखते हुए यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना बनाने से पहले रेलवे के आधिकारिक पोर्टल या एनटीईएस (NTES) ऐप के जरिए ट्रेनों की अद्यतन समयसारिणी जांच अवश्य कर लें, ताकि किसी भी असुविधा से बचा जा सके.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं