विज्ञापन

₹10,999 की जैकेट खरीदकर फंसा ग्राहक! 46 मिनट में फटी, अब स्टोर को देने होंगे ₹31 हजार, कंज्यूमर कोर्ट का आदेश

चंडीगढ़ के एक शख्स ने मॉल से 10,999 रुपये की जैकेट खरीदी, लेकिन पहली बार पहनने के महज 46 मिनट बाद ही उसमें फटा हुआ हिस्सा नजर आया. स्टोर ने अपनी गलती मानने के बजाय ग्राहक को जिम्मेदार ठहराया. अब कंज्यूमर कोर्ट ने स्टोर को सेवा में कमी और अनफेयर ट्रेड प्रैक्टिस का दोषी मानते हुए 31,000 रुपये चुकाने का आदेश दिया है.

₹10,999 की जैकेट खरीदकर फंसा ग्राहक! 46 मिनट में फटी, अब स्टोर को देने होंगे ₹31 हजार, कंज्यूमर कोर्ट का आदेश
46 मिनट में फट गई ₹10,999 की जैकेट, ग्राहक को वापस मिले 31 हजार रुपये

महंगे कपड़े खरीदने के बाद कंज्यूमर को उम्मीद होती है कि उनकी क्वालिटी अच्छी होगी और वे लंबे समय तक चलेंगे. लेकिन चंडीगढ़ के एक शख्स के साथ ऐसा नहीं हुआ. चंडीगढ़ के एक मॉल से 10,999 रुपये में खरीदी गई जैकेट पहनने के मात्र 46 मिनट के भीतर फटी मिलने पर कंज्यूमर कोर्ट ने कड़ा रुख अपनाया है. ग्राहक की शिकायत को स्टोर ने खारिज कर दिया. कोर्ट ने स्टोर के रवैये को सर्विस में कमी और अनफेयर ट्रेड प्रैक्टिस माना. इसके बाद कोर्ट ने स्टोर को पीड़ित ग्राहक को 31,000 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है. 

दरअसल, शख्स ने 25 दिसंबर, 2025 को चंडीगढ़ के एक मॉल स्थित स्टोर से 3 जैकेट खरीदी थीं. इनमें से एक जैकेट की कीमत 10,999 रुपये थी. उन्होंने इस जैकेट को पहली बार 1 जनवरी को पहना. लेकिन इसे पहनने के करीब 46 मिनट बाद ही उन्हें जैकेट के बगल के नीचे वाले हिस्से में छोटा सा कट दिखाई दिया. ग्राहक का कहना था कि जैकेट खरीदते समय इस हिस्से को ठीक से देख पाना मुश्किल था.

शिकायत करने पर स्टोर ने ग्राहक को ही ठहराया जिम्मेदार

ग्राहक ने 10 जनवरी को स्टोर को ईमेल के जरिए शिकायत की. स्टोर ने कुछ दस्तावेज मांगे, जिन्हें ग्राहक ने अगले ही दिन जमा कर दिया. शुरुआत में स्टोर ने कहा कि शिकायत की जांच की जा रही है, लेकिन 14 जनवरी को उसने शिकायत खारिज कर दी. स्टोर का कहना था कि जैकेट में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट नहीं था और नुकसान के लिए ग्राहक खुद जिम्मेदार हैं. ग्राहक ने आरोप लगाया कि स्टोर ने उनकी मौजूदगी में जैकेट की जांच तक नहीं की. साथ ही, जांच से जुड़ी कोई रिपोर्ट, फोटो या तकनीकी सबूत भी उन्हें नहीं दिया गया. इसके बाद ग्राहक ने 15 जनवरी को ईमेल और स्पीड पोस्ट के जरिए स्टोर को कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन इसका भी कोई जवाब नहीं मिला.

स्टोर ने कोर्ट में क्या दलील दी?

मामला कंज्यूमर कोर्ट पहुंचा तो स्टोर ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जैकेट खरीदने से पहले ग्राहक को उसे देखने और पहनकर जांचने का पूरा मौका दिया गया था. उस समय उन्होंने कोई शिकायत नहीं की थी. स्टोर का यह भी कहना था कि ग्राहक ने पहली बार शिकायत करते समय जैकेट की मरम्मत कराने की बात कही थी और नुकसान की जिम्मेदारी भी स्वीकार की थी. स्टोर ने दावा किया कि ग्राहक यह साबित नहीं कर पाए कि जैकेट खरीदते समय ही उसमें कोई खराबी थी. 

कंज्यूमर कोर्ट ने स्टोर को क्यों ठहराया दोषी?

कंज्यूमर कोर्ट ने स्टोर की दलीलों को स्वीकार नहीं किया. कोर्ट ने कहा कि स्टोर ने बिना किसी ठोस सबूत या एक्सपर्ट की रिपोर्ट के ग्राहक को नुकसान के लिए जिम्मेदार ठहरा दिया. स्टोर ने यह भी साफ नहीं किया कि उसने किस आधार पर जैकेट में मैन्युफैक्चरिंग डिफेक्ट होने से इनकार किया. कोर्ट ने 4 नवंबर के अपने आदेश में कहा कि जैकेट के जिस हिस्से में कट लगा था, वह ऐसी जगह थी जिसे आसानी से देख पाना संभव नहीं था. सिर्फ इसलिए कि ग्राहक को खरीदारी से पहले जैकेट देखने और पहनकर जांचने का मौका मिला था, उसे खराबी के लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता. कोर्ट ने यह भी साफ किया कि कंज्यूमर प्रोटेक्शन एक्ट, 2019 के तहत ग्राहकों के अधिकारों की सुरक्षा की जाती है. कोर्ट ने स्टोर को सेवा में कमी और अनफेयर ट्रेड प्रैक्टिस का दोषी माना. कोर्ट ने 'बायर बेवेयर' के तर्क को खारिज करते हुए स्टोर को पीड़ित ग्राहक को 31,000 रुपये का भुगतान करने का आदेश दिया है.

शिकायत होने पर कहां करें संपर्क?

अगर किसी ग्राहक को सामान की क्वालिटी, खराब प्रोडक्ट या दुकानदार की सेवा को लेकर शिकायत है तो वह कंज्यूमर हेल्पलाइन की मदद ले सकता है. चंडीगढ़ के कंज्यूमर हेल्पलाइन नंबर 0172-270-0183 पर संपर्क किया जा सकता है. इसके अलावा नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन नंबर 1915 पर भी शिकायत दर्ज कराई जा सकती है.

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Consumer Commission, Consumer Protection, Consumer Court, Consumer Rights
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com